Ranchi News: सीओ के नाम पर पैसे मांगे, राजस्व कर्मचारी और दलाल गिरफ्तार
Ranchi News: साड़म मौजा की 3.50 एकड़ जमीन के म्यूटेशन के बदले मांगे थे 4.50 लाख, हिरासत में लेकर सीओ से पूछताछ, 90 हजार एडवांस ले चुके थे आरोपी

Ranchi News: रांची, हिन्दुस्तान ब्यूरो। रांची के बुढ़मू अंचल के साडम मौजा में 3.20 एकड़ जमीन के म्यूटेशन के आरोप में 4.50 लाख रुपए घूस मांगने के आरोप में राजस्व कर्मचारी राजेश कुमार रवि व दलाल गौतम को गिरफ्तार किया गया है। वहीं, एसीबी ने सीओ बुढ़मू सच्चिदानंद सिन्हा को हिरासत में लेकर गुरुवार को देर रात तक पूछताछ की। जानकारी के मुताबिक, ब्रांबे निवासी सुबोध कुमार ने एसीबी को शिकायत की थी कि जमीन के म्यूटेशन के लिए उनसे सीओ सच्चिदानंद के नाम पर राजस्व कर्मचारी राजेश कुमार रवि ने पैसे की मांग की थी। पूर्व में सीओ के नाम पर राजस्व कर्मचारी व उनके दलाल गौतम कुमार ने 90 हजार रुपए वसूले भी थे। इसके बाद भी लगातार पैसे की मांग की जा रही थी。
सीओ की हिरासत
जानकारी के मुताबिक, सुबोध कुमार की शिकायत पर एसीबी ने एफआईआर दर्ज की। इसके बाद बुधवार की रात दस हजार रुपए घूस लेते राजेश कुमार रवि को रंगे हाथ उसके बहुबाजार स्थित आवास से दलाल गौतम कुमार के साथ पकड़ा। इसी दौरान एसीबी ने बूढ़मू सीओ सच्चिदानंद सिन्हा को भी हिरासत में लिया। इसके बाद तीनों को एसीबी मुख्यालय लाया गया। सीओ की सीधी संलिप्तता पूरे मामले में है या नहीं, इसे लेकर एसीबी जांच कर रही है。
शिकायतकर्ता की चिंता
सीओ की मिलीभगत, मुझे जान का खतरा : सुबोध
शिकायतकर्ता सुबोध कुमार ने कहा कि शिकायत करने के बाद उसे जान को खतरा है। पूरे साड़म मौजा की जमीन के दस्तावेज गायब कर रजिस्टर-2 में छेड़छाड़ कर दी गई है। सुबोध कुमार ने बताया कि उन्होंने अपनी पत्नी पिंकी देवी के नाम पर एक एकड़, जबकि साली जया देवी व संगीता गुप्ता के नाम पर 1.10 एकड़ जमीन खरीदी थी। इन जमीनों के म्यूटेशन के एवज में सीओ के द्वारा राजस्व कर्मचारी व दलाल के जरिए पैसे की मांग की जा रही थी。


