पलामू किला जीर्णोद्धार के लिए डीपीआर तैयार, 50 से 60 करोड़ होंगे खर्च
वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू से की मुलाकात, वर्ष 2028 तक पलामू किला का जीर्णोद्धार कार्य पूरा करने का दिया अल्टीमेटम

रांची, हिन्दुस्तान ब्यूरो। पलामू किला का जीर्णोद्धार कार्य अति शीघ्र शुरू होगा। इसे लेकर वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर और क्षेत्रीय विधायक रामचंद्र सिंह ने शनिवार को पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू से उनके सरकारी आवास स्थित कार्यालय में मुलाकात की। पर्यटन मंत्री ने पलामू किला जीर्णोद्धार के लिए तैयार की जा रही योजना का पावरपॉइंट प्रस्तुतिकरण दिखलाया। पर्यटन मंत्री ने दोनों को बताया कि पलामू किला के जीर्णोद्धार के लिए विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (डीपीआर) तैयार कराया जा रहा है। संभावना है कि किले के जीर्णोद्धार के ऊपर 50-60 करोड़ रुपये राशि खर्च होगी। डीपीआर तैयार करने के बाद में जीर्णोद्धार कार्य का निविदा किया जाएगा।
वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने पर्यटन विभाग के उपस्थित पदाधिकारियों को कहा कि हर कीमत पर वर्ष 2028 तक पलामू किला का जीर्णोद्धार का काम पूरा करा लिया जाए।राधाकृष्ण किशोर ने पर्यटन मंत्री को बताया कि पलामू किला व्याघ्र अभयारण्य क्षेत्र में अवस्थित है। वर्ष 1628 में चेरो वंश के राजा प्रताप राय ने किले का निर्माण कराया था। उसके बाद 1658 में राजा मेदिनी राय ने नए किले के निर्माण की शुरुआत की थी, जो पूरा नहीं हो सका। वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर और क्षेत्रीय विधायक रामचंद्र सिंह ने बताया कि किले के जीर्णोद्धार के बाद उसका सौंदर्यीकरण और लाइट एंड साउंड आदि की योजना भी प्रस्तावित है। राधाकृष्ण ने कहा कि आदिवासियों एवं पर्यटन के विकास के लिए ट्राइबल होम स्टे जैसी योजना है, जिसमें पर्यटक कुछ दिन ठहर कर प्राकृतिक सौंदर्य के बीच आदिवासी सभ्यता एवं संस्कृति को करीब से देख सकते हैं।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


