पुरानी रांची में 4 माह से सड़क पर नाली का पानी जमा, विरोध में 5 घंटे सड़क जाम
रांची में स्थानीय लोगों ने पुरानी कुम्हार टोली मार्ग पर नाली के पानी के जमाव से परेशान होकर सड़क जाम किया। उन्होंने सांसद और विधायकों के खिलाफ नारेबाजी की। निगम के कर्मचारी समस्या का समाधान करने का आश्वासन देने आए, लेकिन लोग तत्काल समाधान की मांग कर रहे हैं। नाली का गंदा पानी चार महीने से जमा है।

रांची, संवाददाता। पुरानी रांची कुम्हार टोली मार्ग से नाली के पानी के जमाव से परेशान होकर स्थानीय लोगों ने मंगलवार को बांस-बल्ली से घेर कर सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। लोगों ने स्थानीय सांसद, विधायकों के खिलाफ नारेबाजी की। करीब पांच घंटे तक सड़क जाम रही, इस कारण लोगों को मार्ग बदल कर आना-जाना पड़ा। पांच घंटे बाद निगम के कर्मचारी पहुंचे, समस्या का समाधान करने का आश्वासन दिया। लेकिन, लोग तत्काल समाधान चाह रहे थे। बाद में नगर निगम के उप प्रशासक गौतम प्रसाद साहू से बात कराई गई। उन्होंने स्थानीय लोगों से कहा कि नाली निर्माण करने का प्राकलन बन चुका है।
जांच भी कराई जा रही है। जल्द ही समस्या का निदान किया जाएगा। स्थानीय लोगों का कहना है कि चार महीनों से सड़क के बीचों-बीच नाली का गंदा पानी जमा है। इसकी शिकायत कई बार निगम और संबंधित अधिकारियों से की गयी है। लेकिन, अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया है। यह सड़क हरमू से अपर बाजार, सेवा सदन, लेक रोड और मेन रोड को जोड़ती है। रोजाना लगभग एक हजार वाहनों का आवागमन होता है।स्वच्छ सर्वेक्षण की तैयारियों की दूसरी तस्वीर यह भी हैरांची नगर निगम के स्वच्छ सर्वेक्षण 2026 की तैयारी को लेकर विजिबल क्लीनेस से लेकर शौचालयों, सार्वजनिक स्थलों, प्रमुख मार्गों, स्कूलों और व्यवसायिक क्षेत्रों में विशेष सफाई के स्पष्ट निर्देश हैं। नालियों की सफाई कराने के निर्देश दिए जा रहे हैं। दूसरी तरफ, लोग चार महीने से सड़क पर भरे नाली के पानी से आने-जाने को मजबूर हैं।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


