
नवंबर में बिहार सर्किल में 98,148 लोग मोबाइल सेवा से जुड़े
नवंबर 2025 में बिहार-झारखंड टेलीकॉम सर्किल में रिलायंस जियो ने 2 लाख 30 हजार 424 नए ग्राहक जोड़े। इसके साथ, जियो के कुल ग्राहक 4 करोड़ 37 लाख 21 हजार 379 हो गए। अन्य कंपनियों जैसे एयरटेल और वोडा-आइडिया ने ग्राहकों का नुकसान झेला। बिहार सर्किल की टेली-डेंसिटी 58.23 रही, जो देश में सबसे कम है।
रांची, संवाददाता। बिहार-झारखंड टेलीकॉम सर्किल में निजी टेलीकॉम कंपनियों की मजबूत पकड़ लगातार और मजबूत होती जा रही है। टेलीकॉम विनियामक संस्था (ट्राई) की नवंबर 2025 की कंज्यूमर मार्केट शेयर रिपोर्ट के मुताबिक, रिलायंस जियो एक बार फिर टॉप पर रहा है। ट्राई के आंकड़ों के अनुसार, नवंबर 2025 में बिहार सर्किल में कुल 98,148 नए मोबाइल ग्राहक जुड़े। अकेले रिलायंस जियो ने 2 लाख 30 हजार 424 नए ग्राहक अपने नेटवर्क से जोड़े। अक्तूबर 2025 में जियो के पास 4 करोड़ 34 लाख 90 हजार 995 ग्राहक थे, जो नवंबर में बढ़कर 4 करोड़ 37 लाख 21 हजार 379 हो गए।
इस बढ़त में बड़ी संख्या मोबाइल नंबर पोर्टेबिलिटी (एमएनपी) के जरिए जियो से जुड़े उपभोक्ताओं की रही, जो निजी ऑपरेटर पर बढ़ते भरोसे को दर्शाता है। दूसरी ओर अन्य कंपनियों को ग्राहकों का नुकसान झेलना पड़ा। भारती एयरटेल ने नवंबर 2025 में 13,289 ग्राहक गंवाए। वोडा-आइडिया की स्थिति और भी कमजोर रही, जहां एक महीने में 1 लाख 11 हजार 423 ग्राहकों ने कंपनी की सेवाएं छोड़ दीं। वहीं, सार्वजनिक क्षेत्र की बीएसएनएल को भी 7,569 ग्राहकों का नुकसान हुआ है। ट्राई रिपोर्ट के मुताबिक नवंबर 2025 में बिहार सर्किल की टेली-डेंसिटी 58.23 रही, जो देश में सबसे कम है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




