प्राकृतिक खेती से आय बढ़ाने पर दिया गया जोर
अनगड़ा के मुनगाडीह में क्षेत्रीय श्रीरामकृष्ण किसान मेले का आयोजन हुआ, जिसका विषय प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन द्वारा आय सृजन था। मेले का उद्घाटन विधायक अमित महतो और स्वामी भवेशानंद ने किया। 747 किसानों ने अपनी प्रदर्शनी लगाई, जिसमें जैविक खेती के लाभों पर चर्चा की गई। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले किसानों को सम्मानित किया गया।

अनगड़ा, प्रतिनिधि। प्रखंड के मुनगाडीह में शुक्रवार को क्षेत्रीय श्रीरामकृष्ण किसान मेले का आयोजन किया गया। इस वर्ष मेले का विषय थीम प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन द्वारा आय सृजन था। इसका आयोजन रामकृष्ण मिशन आश्रम, दिव्यायन कृषि विज्ञान केंद्र और रामकृष्ण मिशन विवेकानंद शैक्षणिक एवं शोध संस्थान, मोरहाबादी के मार्गदर्शन में स्थानीय विवेकानंद सेवा संघों, स्वयं सहायता समूहों और ग्रामीणों द्वारा किया गया। मेले का उद्घाटन मुख्य अतिथि सिल्ली विधायक अमित महतो और विशिष्ट अतिथि रामकृष्ण मिशन के सचिव स्वामी भवेशानंद ने संयुक्त रूप से किया। विधायक ने कहा कि गांवों की उन्नति नैतिक और व्यावहारिक शिक्षा के माध्यम से ही संभव है।
उन्होंने रामकृष्ण मिशन के सेवा कार्यों की सराहना की और जैविक खेती पर बल देते हुए जराडीह के प्रगतिशील किसान शंकरा बेदिया को समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया। कार्यक्रम में स्वामी भक्तिशानंद, कृषि उप-निदेशक अमृतेश कुमार सिंह, अनूप कुमार, प्रमुख दीपा उरांव, वैज्ञानिक डॉ राजेश कुमार सिंह, डॉ मनोज कुमार सिंह एवं डॉ सुदर्शन विश्वास आदि मौजूद थे। प्राकृतिक खेती समय की आवश्यकता स्वामी भवेशानंद ने प्राकृतिक खेती के पर्यावरणीय और आर्थिक लाभों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि मिट्टी और स्वास्थ्य को बचाने के लिए यह समय की मांग है। मेले में कुल 747 किसानों ने अपनी प्रदर्शनी लगाई, जिनमें 678 सब्जी, फल और पुष्प उत्पाद, 19 पशु-पक्षी और 50 लघु और कुटीर उद्योग से संबंधित उत्पाद शामिल थे। सम्मान समारोह श्रीरामकृष्ण किसान मेले में उत्कृष्ट प्रदर्शन करनेवाले किसानों को कुल 39 प्रथम, 39 द्वितीय और चार सांत्वना पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। प्रगतिशील किसान शंकरा बेदिया को विधायक द्वारा विशेष सम्मान प्रदान किया गया।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


