रातू बड़ा तालाब की निखरेगी खूबसूरती, युवाओं ने उठाया सफाई का बीड़ा
रातू बड़ा तालाब बनेगा पर्यटन का नया केंद्र, युवाओं ने शुरू किया स्वच्छता अभियानसुंदर बनाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पूर्व डिप्टी मेयर अजय

रातू, प्रतिनिधि। रातू का ऐतिहासिक बड़ा तालाब आने वाले दिनों में पर्यटन स्थल के रूप में नई पहचान पाने की ओर बढ़ रहा है। छोटानागपुर युवा शक्ति के तत्वावधान में तालाब को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पूर्व डिप्टी मेयर अजय नाथ शाहदेव और पार्क निदेशक नीतेश नाथ शाहदेव ने कहा कि रातू बड़ा तालाब क्षेत्र को झारखंड के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल करने का लक्ष्य रखा गया है। तालाब की सफाई के दूसरे चरण में जलकुंभी हटाने का व्यापक अभियान शुरू किया गया है। तालाब में फैली जलकुंभी के कारण पानी दूषित हो रहा था और तालाब की सुंदरता भी प्रभावित हो रही थी। अब स्थानीय युवा रोजाना श्रमदान कर तालाब से जलकुंभी निकालने में जुटे हुए हैं। अभियान में बड़ी संख्या में ग्रामीण भी सहयोग कर रहे हैं।
स्थानीय युवाओं ने पेश की एकता की मिसाल
इस अभियान की सबसे खास बात यह है कि इसमें विभिन्न समुदायों के युवा एकजुट होकर हिस्सा ले रहे हैं। तालाब में मछली पकड़ने वाले मुस्लिम युवक भी सफाई अभियान में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभा रहे हैं। हिंदू और मुस्लिम युवाओं का एक साथ तालाब की सफाई करना सामाजिक सौहार्द और सामुदायिक एकता का संदेश दे रहा है। अभियान में राहुल दयाल सिंह, अतुल ठाकुर, सुभान अंसारी, कलाम अंसारी, जान मोहम्मद, दिलसान राजा, सदाब अंसारी, जाबिर अंसारी, शरफुल अंसारी, निजाम अंसारी और सैफ अंसारी सहित कई युवा सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि तालाब पूरे क्षेत्र की धरोहर है और इसकी रक्षा करना सभी की जिम्मेदारी है।
पौधरोपण और सौंदर्यीकरण की भी है तैयारी
पार्क निदेशक नीतेश नाथ शाहदेव ने बताया कि पर्यटन स्थल विकसित करने की योजना के तहत पहले चरण में तालाब किनारे बड़े पैमाने पर पौधरोपण किया गया था। यहां छायादार और फलदार पौधे लगाए गए हैं, ताकि भविष्य में पर्यटकों को बेहतर वातावरण मिल सके। उन्होंने बताया कि आगामी चरण में तालाब के चारों ओर पाथवे, बैठने के लिए बेंच, आकर्षक लाइटिंग और बच्चों के लिए छोटे पार्क के निर्माण की योजना है। इसके लिए जिला प्रशासन और पर्यटन विभाग से सहयोग मांगा जाएगा।
स्थानीय लोगों ने की सरकारी सहयोग की मांग
नीतेश नाथ शाहदेव ने कहा कि रातू बड़ा तालाब का ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व है। इसे पर्यटन से जोड़ने पर स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर भी मिलेंगे। स्थानीय लोगों ने छोटानागपुर युवा शक्ति की पहल की सराहना करते हुए प्रशासन से इस अभियान में सरकारी सहयोग देने की मांग की है, ताकि रातू को एक नया पर्यटन केंद्र बनाया जा सके।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


