बिना ट्यूशन लिए राशिदा नाज बनीं साइंस टॉपर, शिक्षक बनकर समाज सेवा लक्ष्य
झारखंड एकेडमिक काउंसिल द्वारा जारी 12वीं साइंस के परिणाम में राशिदा नाज ने पूरे राज्य में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। उन्होंने 489 अंक हासिल किए हैं। राशिदा की सफलता का श्रेय अपनी बहन और शिक्षकों को देती हैं। उनका सपना एक सफल शिक्षक बनना है।

धनबाद/चासनाला/रांची, हिटी। झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) द्वारा जारी 12वीं साइंस के परिणाम में डीएवी प्लस टू उच्च स्कूल, पाथरडीह की छात्रा राशिदा नाज ने पूरे राज्य में प्रथम स्थान (स्टेट टॉपर) प्राप्त कर इतिहास रच दिया है। झरिया के जामाडोबा अंतर्गत रमजानपुर की रहने वाली राशिदा ने 489 अंक प्राप्त किए हैं। उनकी इस सफलता से न केवल उनका परिवार, बल्कि पूरा धनबाद जिला गौरवान्वित है। ‘हिन्दुस्तान’ के साथ अपनी सफलता साझा करते हुए राशिदा ने बताया कि उन्होंने किसी भी विषय के लिए कोई ट्यूशन नहीं लिया। अपनी पढ़ाई के लिए स्कूल के शिक्षकों के मार्गदर्शन और ऑनलाइन वीडियो पर भरोसा किया। राशिदा अपनी सफलता का मुख्य श्रेय बड़ी बहन कनीज फातिमा को भी देती हैं। कनीज खुद बीएड की छात्रा हैं और उन्होंने ही घर पर राशिदा को कठिन विषयों की तैयारी करवाई।
राशिदा की दिनचर्या
अपनी पढ़ाई के प्रति समर्पित राशिदा प्रतिदिन ऑटो से स्कूल का सफर तय करती थीं और उन्होंने अध्ययन के लिए बेहद सख्त दिनचर्या बना रखी थी। बताया कि, हर दिन सुबह 4 से 7 बजे तक अनिवार्य रूप से पढ़ाई करती थीं और फिर शाम को भी कई घंटे कठिन परिश्रम करती थीं। राशिदा के अनुसार, गणित उनका पसंदीदा विषय है और वह प्रतिदिन हर विषय के लिए एक निश्चित लक्ष्य तय कर अपनी तैयारी पूरी करती थीं।
राशिदा का परिवार
राशिदा के पिता मोहम्मद रुस्तम पश्चिम बंगाल में निजी कार्य करते हैं और माता गुलअफसा परवीन गृहिणी हैं। दो बहनों और एक भाई में सबसे छोटी राशिदा के भाई मोहम्मद जुनैद अली बीसीए कर रहे हैं।
भविष्य के सपने
राशिदा का भविष्य में एक सफल शिक्षक बनने का सपना है, ताकि वे समाज में शिक्षा की रोशनी फैला सकें। डीएवी पाथरडीह के प्राचार्य अरविंद कुमार पांडेय और विद्यालय के शिक्षकों ने राशिदा को बधाई देते हुए कहा कि उनकी मेहनत और अनुशासन अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


