रांची विश्वविद्यालय के अंगीभूत कॉलेजों में स्नातक पाठ्यक्रमों में नामांकन प्रक्रिया आज से

हिन्दुस्तान, रांची
Follow us on Google News
share

रांची विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक सत्र 2026-30 के चार वर्षीय स्नातक कार्यक्रम और 2026-29 के व्यावसायिक पाठ्यक्रमों के लिए नामांकन कार्यक्रम जारी किया है। आवेदन प्रक्रिया 12 जून से शुरू होगी, और अंतिम तिथि 29 जून है। स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों के लिए भी संशोधित समय-सारणी जारी की गई है।

रांची विश्वविद्यालय के अंगीभूत कॉलेजों में स्नातक पाठ्यक्रमों में नामांकन प्रक्रिया आज से

रांची, विशेष संवाददाता। रांची विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक सत्र 2026-30 के चार वर्षीय स्नातक कार्यक्रम व सत्र 2026-29 के व्यावसायिक/स्ववित्तपोषित पाठ्यक्रमों में नामांकन के लिए विस्तृत कार्यक्रम जारी कर दिया है। इसके साथ ही विश्वविद्यालय ने पूर्व में जारी अधिसूचना में आंशिक संशोधन करते हुए स्नातकोत्तर (एमए, एमएससी, एमकॉम) पाठ्यक्रमों में नामांकन की संशोधित समय-सारिणी भी घोषित की है। दोनों ही प्रक्रियाएं चांसलर पोर्टल के माध्यम से संचालित होंगी। स्नातक पाठ्यक्रमों के लिए आज से आवेदन

आवेदन प्रक्रिया की जानकारी

रांची विश्वविद्यालय के अंतर्गत संचालित अंगीभूत कॉलेजों में राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी-2020) के तहत चार वर्षीय स्नातक कार्यक्रम सत्र 2026-30 व व्यावसायिक/स्ववित्तपोषित पाठ्यक्रमों के तीन वर्षीय कार्यक्रम सत्र 2026-29 में नामांकन के लिए आवेदन प्रक्रिया 12 जून से शुरू होगी। आवेदन की अंतिम तिथि 29 जून है और नामांकन के लिए चयन सूची का प्रकाशन 3 जुलाई किया जाएगा। इसके आधार पर दस्तावेज सत्यापन व नामांकन 4-14 जुलाई तक होगा। विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि अगर सत्र प्रारंभ होने के बाद भी सीटें रिक्त रहती हैं, तो नामांकन प्रक्रिया आगे भी जारी रखी जा सकती है।

बहुविकल्पीय आवेदन की सुविधा

विद्यार्थियों को मिलेगी बहुविकल्पीय आवेदन की सुविधा अधिसूचना के अनुसार, प्रत्येक छात्र-छात्रा चांसलर पोर्टल पर एकल लॉगिन का उपयोग कर अपनी पसंद के अनुसार एक या अधिक विषयों और एक से अधिक कॉलेजों में आवेदन कर सकते हैं। मेधा सूची तैयार करते समय विश्वविद्यालय व राज्य सरकार के नियमों के अनुरूप वेटेज प्रदान किया जाएगा। सभी विश्वविद्यालय विभागों, संस्थानों व अंगीभूत कॉलेजों के प्राचार्यों को राज्य सरकार की आरक्षण नीति का पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।

प्रमाण-पत्रों की पुष्टि

आरक्षण अथवा अन्य दावों के लिए सिर्फ झारखंड सरकार के सक्षम प्राधिकारियों से जारी प्रमाण-पत्र ही मान्य होंगे। झारखंड राज्य के बाहर की किसी अन्य संस्था या प्राधिकारी से जारी प्रमाण-पत्र स्वीकार नहीं किए जाएंगे। नामांकन के समय सभी मूल प्रमाण-पत्रों का सत्यापन अनिवार्य होगा। मूल प्रमाण-पत्र प्रस्तुत नहीं करने पर संबंधित दावा निरस्त कर दिया जाएगा।

शुल्क का भुगतान

शुल्क का भुगतान ऑनलाइन आवेदन व नामांकन शुल्क का भुगतान चांसलर पोर्टल के माध्यम से संबंधित कॉलेज अथवा विभाग की निर्धारित शुल्क संरचना के अनुसार ऑनलाइन करना होगा।

पीजी नामांकन का संशोधित कार्यक्रम

रांची विश्वविद्यालय ने 7 अप्रैल 2026 को जारी पूर्व अधिसूचना में आंशिक संशोधन करते हुए सत्र 2025-27 के स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों (एमए, एमएससी व एमकॉम) में नामांकन के लिए नई समय-सारणी जारी की है। यह व्यवस्था विश्वविद्यालय विभागों, अंगीभूत कॉलेजों, संबद्ध कॉलेजों व अल्पसंख्यक संबद्ध कॉलेजों पर लागू होगी। पीजी में नामांकन के लिए प्रथम चयन सूची का प्रकाशन 13 जून को व दस्तावेज सत्यापन और नामांकन 15-23 जून तक चलेगा। द्वितीय चयन सूची के आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 23 जून निर्धारित की गई है। द्वितीय चयन सूची का प्रकाशन 25 जून को किया जाएगा। नामांकन के बाद भी सीटें रिक्त रहती हैं तो आगे भी प्रवेश प्रक्रिया जारी रखी जा सकती है।

आरक्षण नियमों का पालन

आरक्षण नियमों का पालन अनिवार्य पीजी नामांकन में भी विश्वविद्यालय एवं राज्य सरकार के नियमानुसार वेटेज प्रदान किया जाएगा। सभी विभागाध्यक्षों, संस्थानों और महाविद्यालयों को राज्य सरकार की आरक्षण नीति का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। पीजी पाठ्यक्रमों के लिए आवेदन व नामांकन शुल्क चांसलर पोर्टल के माध्यम से संबंधित कॉलेज या विभाग की निर्धारित शुल्क संरचना के अनुसार ऑनलाइन जमा करना होगा।

इच्छुक छात्र-छात्राएं स्नातक व स्नातक उत्तर पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए चांसलर पोर्टल- https://universities.jharkhand.gov.in के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। अभ्यर्थियों को निर्धारित तिथियों के भीतर ऑनलाइन आवेदन करने व आवश्यक दस्तावेज तैयार रखने की सलाह दी गई है।

सामान्य प्रश्न

चांसलर पोर्टल पर आवेदन की अंतिम तिथि क्या है?
आवेदन की अंतिम तिथि 29 जून है।
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।