आशु इंटरप्राइजेज को ब्लैकलिस्ट करने की मांग, आंदोलन की चेतावनी
रांची विश्वविद्यालय के कार्यकर्ताओं ने अभिषेक शुक्ला के नेतृत्व में डीएसडब्ल्यू और रजिस्ट्रार से मुलाकात की। उन्होंने आशु इंटरप्राइजेज को तत्काल ब्लैकलिस्ट करने की मांग की। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि एक सप्ताह बीतने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके साथ ही, शैक्षणिक भ्रमण के लिए ली जा रही अतिरिक्त राशि पर भी रोक लगाने की मांग की गई।

रांची, विशेष संवाददाता। अबुआ अधिकार मंच के कार्यकर्ताओं ने छात्र मामलों के समन्वयक अभिषेक शुक्ला के नेतृत्व में सोमवार को रांची विश्वविद्यालय के डीएसडब्ल्यू डॉ. सुदेश कुमार साहू और रजिस्ट्रार डॉ. गुरुचरण साहू से मुलाकात की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने आशु इंटरप्राइजेज को तत्काल ब्लैकलिस्ट करने की मांग प्रमुखता से उठाई। गौरतलब है कि इससे पूर्व मंच ने इस मुद्दे पर विश्वविद्यालय के वित्त परामर्शी अजय कुमार का घेराव किया था, जिन्होंने कार्रवाई के लिए तीन दिनों का समय मांगा था। मंच के कार्यकर्ताओं ने रोष व्यक्त करते हुए कहा कि एक सप्ताह बीत जाने के बाद भी दोषी एजेंसी पर कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
अभिषेक ने सवाल उठाया कि आखिर विवि प्रशासन की क्या मजबूरी है कि छोटी वस्तुओं की आपूर्ति से लेकर ऑडिटोरियम निर्माण तक के सभी कार्य एक ही एजेंसी को दिए जा रहे हैं। इसके साथ ही, भूगोल विभाग के छात्र-छात्राओं से शैक्षणिक भ्रमण के नाम पर ली जा रही अतिरिक्त राशि पर भी रोक लगाने की मांग की गई। कार्यकर्ताओं ने तर्क दिया कि पाठ्यक्रम के अनुसार भ्रमण का संपूर्ण व्यय विवि प्रशासन को वहन करना है, न कि विद्यार्थियों को। डीएसडब्ल्यू और रजिस्ट्रार ने आश्वासन दिया कि एजेंसी पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी और विभागाध्यक्ष से वार्ता कर छात्रों के हित में निर्णय लिया जाएगा। मंच ने चेतावनी दी है कि यदि एक सप्ताह के भीतर समाधान नहीं हुआ, तो वे धरना-प्रदर्शन और उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



