Ranchi News: रांची विवि का 39वां दीक्षांत समारोह 9 सितंबर को, 3297 विद्यार्थियों को मिलेगी उपाधि
Ranchi News: रांची विश्वविद्यालय का 39वां दीक्षांत समारोह 9 सितंबर को आयोजित होगा। विद्यार्थियों को गेट पास और अंगवस्त्र प्राप्त करने के लिए आवेदन रसीद, प्रवेश पत्र और रिजल्ट दिखाने होंगे। समारोह में 3297 विद्यार्थी शामिल होंगे। छात्रों के लिए सफेद कुर्ता-पायजामा और छात्राओं के लिए सफेद सलवार सूट के साथ लाल दुपट्टा पहनना अनिवार्य है।

Ranchi News: रांची, विशेष संवाददाता। रांची विश्वविद्यालय का 39वां दीक्षांत समारोह 9 सितंबर को दीक्षांत मंडप, मोरहाबादी में आयोजित किया जाएगा। समारोह में शामिल होने वाले विद्यार्थियों को अपनी आवेदन प्राप्ति रसीद, प्रवेश पत्र, अंकपत्र तथा डीएससी, डीलिट और पीएचडी विद्यार्थियों को रिजल्ट की प्रति दिखाकर गेट पास और अंगवस्त्र प्राप्त करना होगा। विश्वविद्यालय की ओर से जारी सूचना के अनुसार गेट पास और अंगवस्त्र का वितरण 5-7 सितंबर तक सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक किया जाएगा। इसके लिए वाणिज्य विभाग, मोरहाबादी में काउंटर संख्या 1-5 व केंद्रीय पुस्तकालय में काउंटर संख्या 6 से 10 बनाए गए हैं। दीक्षांत समारोह में कुल 3297 विद्यार्थी शामिल होंगे। इनमें 56 स्वर्ण पदक प्राप्त करने वाले विद्यार्थी, 339 डीएससी/डीलिट/पीएचडी, 297 एमडी/एमएस/एमफिल/डेंटल बीडीएस तथा विभिन्न स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों के विद्यार्थी शामिल हैं。
छात्रों के लिए ड्रेस कोड
दीक्षांत समारोह के लिए विद्यार्थियों के लिए ड्रेस कोड भी निर्धारित किया गया है। छात्रों को सफेद कुर्ता-पायजामा अथवा सफेद धोती तथा छात्राओं को सफेद सलवार सूट के साथ लाल दुपट्टा या लाल बॉर्डर वाली सफेद साड़ी और लाल ब्लाउज पहनकर आना होगा। विश्वविद्यालय ने निर्देश दिया है कि 9 सितंबर को समारोह में शामिल होने वाले सभी विद्यार्थियों को सुबह 8.30 बजे तक दीक्षांत मंडप, मोरहाबादी में अपनी आवंटित सीट पर स्थान ग्रहण कर उपस्थिति दर्ज करानी होगी।


