वर्ल्ड चैंपियनशिप के लिए रांची में होगा भारतीय स्कूली वॉलीबॉल और बास्केटबॉल टीम का चयन
रांची को एक बार फिर इंटरनेशनल स्कूल फेडरेशन के तहत वर्ल्ड चैंपियनशिप के लिए भारतीय स्कूली वॉलीबॉल और बास्केटबॉल टीमों के गठन का जिम्मा दिया गया है। 15 से 23 अप्रैल तक रांची के खेलगांव में चयन ट्रायल आयोजित होंगे, जिसमें देशभर के शीर्ष खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा।

रांची, वरीय संवाददाता। रांची की सुदृढ़ खेल आधारभूत संरचना और कुशल मेजबानी की क्षमता पर भरोसा जताते हुए इसे एक बार फिर बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है। इंटरनेशनल स्कूल फेडरेशन (आएसएफ) के तत्वावधान में आयोजित होने वाली वर्ल्ड चैंपियनशिप के लिए भारतीय स्कूली वॉलीबॉल और बास्केटबॉल टीमों के गठन का जिम्मा रांची को मिला है। झारखंड शिक्षा विभाग की मेजबानी में देशभर के शीर्ष स्कूली खिलाड़ियों का चयन ट्रायल रांची के खेलगांव स्थित हरिवंश टाना भगत स्टेडियम में 15 से 23 अप्रैल तक आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम के अनुसार, 15 से 17 अप्रैल तक वॉलीबॉल टीम के गठन के लिए चयन ट्रायल होगा।
इसमें पिछले सत्र में स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसजीएफआई) की प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कुल 149 खिलाड़ी शामिल होंगे। इसमें अंडर-17 वर्ग में 62, अंडर-19 में 60 और अंडर-15 वर्ग में 27 खिलाड़ी अपनी दावेदारी पेश करेंगे।इसी क्रम में, 20 से 23 अप्रैल तक बास्केटबॉल टीम के लिए ट्रायल आयोजित होगा, जिसमें देशभर से कुल 121 खिलाड़ी रांची पहुंच रहे हैं। बास्केटबॉल के अंडर-17 बालक-बालिका वर्ग में 49 खिलाड़ी और अंडर-19 कैटेगरी में 72 खिलाड़ी इस चयन प्रक्रिया का हिस्सा बनेंगे।आयोजन की लगभग सभी तैयारियां पूरी: धीरसेन सोरेंगभारतीय टीम के गठन को लेकर झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद (जेईपीसी) ने तैयारियां तेज कर दी हैं। परियोजना निदेशक शशि रंजन ने झारखंड स्टेट स्पोर्ट्स प्रमोशन सोसायटी (जेएसएसपीएस) से ट्रायल के लिए स्टेडियम उपलब्ध कराने का आग्रह किया है। राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन सोरेंग ने बताया कि आयोजन की लगभग सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने कहा कि एसजीएफआई ने रांची को यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है, जिसे हर बार की तरह इस बार भी बेहतर और भव्य ढंग से संपन्न कराया जाएगा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


