लापुंग के एक स्कूल के विद्यार्थी 8वीं बोर्ड की परीक्षा से हुए वंचित
रांची के लापुंग प्रखंड के राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय जातालोया के विद्यार्थियों को एडमिट कार्ड न मिलने के कारण आठवीं बोर्ड परीक्षा में अनुपस्थित रहना पड़ा। तकनीकी गड़बड़ी के चलते रजिस्ट्रेशन पूरा नहीं हो पाया। हालांकि, जैक ने कहा है कि जो विद्यार्थी परीक्षा में छूट गए हैं, वे बाद में परीक्षा दे सकते हैं।

रांची, वरीय संवाददाता। लापुंग प्रखंड के राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय जातालोया की लापरवाही के कारण विद्यार्थियों को आठवीं बोर्ड की परीक्षा से महरूम होने का मामला सामने आया है। राजकीय मध्य विद्यालय लापुंग में उक्त स्कूल का परीक्षा सेंटर था। सोमवार को जातालोया के लगभग 62 से अधिक विद्यार्थी परीक्षा में अनुपस्थित रहे। जानकारी के अनुसार, राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय जातालोया के विद्यार्थियों का एडमिट कार्ड जारी नहीं हो पाने के कारण उन्हें परीक्षा से वंचित होना पड़ा। राजकीय मध्य विद्यालय लापुंग के केंद्राधीक्षक शिव प्रसाद महतो ने बताया कि जातालोया के विद्यार्थियों का एडमिट नहीं हो पाने के कारण वे परीक्षा में शामिल नहीं हो पाए।
उन्होंने बताया कि उक्त स्कूल द्वारा रजिस्ट्रेशन के समय सबमिट बटन पर क्लिक नहीं हो पाने के कारण तकनीकी गड़बड़ी हुई, जिससे छात्रों का रजिस्ट्रेशन पूरा नहीं हो पाया। हालांकि, उन्होंने कहा कि जैक द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, जिन छात्रों की परीक्षा किसी भी कारण से छूट रही है या उनका रजिस्ट्रेशन नहीं हुआ है, वे फिर से आवेदन कर परीक्षा में शामिल हो सकते हैं। जैक ने कहा- जिनकी परीक्षा छूट रही, वे बाद में दे सकेंगे इस संबंध में राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय जातालोया की प्रधानाध्यापिका सुचिता लकड़ा ने कहा कि जिस समय रजिस्ट्रेशन हो रहा था, उस समय अवकाश हो गया था। बाद में शीतकालीन अवकाश के कारण भी रजिस्ट्रेशन नहीं हो पाया। मामले की जानकारी संबंधित जिला कार्यालय और बीआरपी को दी गई थी। इस बीच जैक का पत्र आया कि जिन छात्रों की परीक्षा किसी भी कारण से छूट रही है, वे बाद में परीक्षा दे सकते हैं। हमलोग आगामी परीक्षा में छात्रों को शामिल कराएंगे। लापुंग प्रखंड में छह अलग-अलग परीक्षा केंद्र बनाया गए थे, जिसमें कई स्कूलों के परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। मामला संज्ञान में आया। संबंभित डीडीओ को जांच का निर्देश दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई होगी। - बादल राज, डीएसई रांची
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



