Ranchi News: भगवान जगन्नाथ का नेत्रदान आज, भक्तों को देंगे दर्शन
Ranchi News: रांची में भगवान जगन्नाथ, बड़े भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा का नेत्रदान अनुष्ठान बुधवार को जगन्नाथपुर मंदिर में होगा। श्रद्धालु चार बजे से भगवान के दर्शन कर सकेंगे। रथयात्रा से पहले विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन किया जाएगा। मंदिर परिसर में रथ सजाए जा चुके हैं और बाजार में रौनक भी बढ़ गई है।

Ranchi News: रांची, संवाददाता। 15 दिन के एकांतवास के बाद भगवान जगन्नाथ, बड़े भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा का नेत्रदान अनुष्ठान बुधवार को जगन्नाथपुर मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच होगा। इसके बाद श्रद्धालु भगवान के दर्शन कर सकेंगे। मंदिर समिति ने नेत्रदान और रथयात्रा की तैयारी पूरी कर ली है। मंदिर के मुख्य पुरोहित ने बताया कि भगवान के गर्भगृह से बाहर आने के बाद शाम 4:30 बजे से नेत्रदान अनुष्ठान शुरू होगा। विशेष पूजा और आरती के बाद शाम पांच बजे से श्रद्धालु भगवान के दर्शन कर सकेंगे। इसके बाद भगवान विश्राम करेंगे। बुधवार को भगवान जगन्नाथ, बलभद्र व सुभद्रा भव्य रथ पर विराजमान होकर मौसीबाड़ी के लिए प्रस्थान करेंगे।
सुबह से ही विशेष पूजा-अर्चना का सिलसिला शुरू हो जाएगा। दोपहर में विधि-विधान के साथ विग्रहों को रथारूढ़ कराया जाएगा। इसके बाद हजारों श्रद्धालु पारंपरिक रूप से रथ खींचते हुए भगवान को मौसीबाड़ी तक ले जाएंगे, जहां वे नौ दिन तक विराजमान रहेंगे।रथयात्रा को लेकर मंदिर परिसर और मेला क्षेत्र में रौनक बढ़ गई है। रथों की सजावट, रंग-रोगन और आकर्षक अलंकरण का कार्य लगभग पूरा हो चुका है। मेले में झूले, खेल-तमाशे, पारंपरिक मिठाइयों, घरेलू उपयोग की वस्तुओं, पूजा सामग्री, खिलौनों और शृंगार सामग्री की दुकानें सजने लगी हैं। प्रशासन और मंदिर समिति श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा तथा यातायात व्यवस्था को लेकर अंतिम तैयारियों में जुटे हैं।


