
अब आरएमएस में 24 घंटे स्पीड पोस्ट और पार्सल की बुकिंग सुविधा
संक्षेप: रांची डाक विभाग ने ग्राहकों की सुविधा के लिए स्पीड पोस्ट और पार्सल की बुकिंग अब चौबीसों घंटे शुरू कर दी है। पहले यह सेवा सुबह 6 से रात 10 बजे तक थी। नई व्यवस्था के तहत तीन शिफ्ट में कर्मियों की ड्यूटी तय की गई है, जिससे मेल प्रोसेसिंग और डिलीवरी की गति बढ़ेगी।
रांची, संवाददाता। डाक विभाग ने ग्राहकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बड़ा कदम उठाया है। रांची रेलवे मेल सर्विस (आरएमएस) में स्पीड पोस्ट और पार्सल की बुकिंग अब चौबीसों घंटे शुरू कर दी गई है। पहले यह सुविधा केवल सुबह 6 से रात 10 बजे तक ही उपलब्ध थी। लेकिन, बढ़ते डाक ट्रैफिक और ग्राहकों की जरूरतों को देखते हुए इसे 24 घंटे करने का निर्णय लिया गया है। नई व्यवस्था के तहत आरएमएस में अब तीन शिफ्ट में कर्मियों की ड्यूटी तय की गई है। रात की शिफ्ट में एक कर्मी की ड्यूटी रहेगी, ताकि देर रात भी ग्राहक अपने पार्सल और स्पीड पोस्ट की बुकिंग कर सकें।

डाक अधिकारियों के अनुसार, 24 घंटे बुकिंग सुविधा शुरू होने से मेल प्रोसेसिंग की गति भी बढ़ेगी और डाक की डिलीवरी पहले की तुलना में तेज होगी। साथ ही, यह सेवा ई-कॉमर्स से जुड़े छोटे व्यापारियों और ऑनलाइन विक्रेताओं के लिए भी काफी मददगार साबित होगी, जिन्हें रात के समय भी पार्सल भेजने की आवश्यकता रहती है। रांची जीपीओ और डोरंडा पोस्ट ऑफिस में पहले से ही कियोस्क मशीनें लगाई जा चुकी हैं, जहां ग्राहक स्वयं अपनी बुकिंग प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। हालांकि, रांची जीपीओ में जहां पार्सल बुकिंग कियोस्क मशीन चालू अवस्था में है। वहीं, डोरंडा डाकघर में मशीन तो लगी है। पर, इसका उपयोग शुरू नहीं हुआ है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




