उपद्रवियों पर होगी सख्त कार्रवाई, थानेदारों से 3 दिन में मांगी गई सूची

Newswrap हिन्दुस्तान, रांची
share

रांची पुलिस ने विधानसभा चुनाव में उपद्रव फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है। सभी थानेदारों को दिशा-निर्देश दिए गए हैं और 50 से ज्यादा अपराधियों से थाना हाजिरी लगवाई जाएगी। शातिर...

उपद्रवियों पर होगी सख्त कार्रवाई, थानेदारों से 3 दिन में मांगी गई सूची

रांची, वरीय संवाददाता। विधानसभा चुनाव में उपद्रव फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई के लिए रांची पुलिस ने तैयारी शुरू कर दी है। ऐसे लोगों की सूची सभी थानेदारों से मांगी गई है। छोटानागपुर रेंज के डीआईजी अनूप बिरथरे की अध्यक्षता में समारहणालय में रविवार को हुई बैठक में थानेदारों को दिशा-निर्देश दिए गए। अधिकारियों के अनुसार उपद्रवियों के खिलाफ दर्ज मामलों के आधार पर सीसीए, थाना हाजिरी, जिला बदर या धारा 107 के तहत कार्रवाई की जाएगी। बिरथरे ने सभी थानेदारों को निष्पक्ष-शांतिपूर्ण चुनाव कराने के निर्देश भी दिए। चुनावी ड्यूटी में लापरवाही बरतने वालों को कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई। बैठक में एसएसपी चंदन सिन्हा, सिटी एसपी राजकुमार मेहता, ग्रामीण एसपी सुमित अग्रवाल के अलावा जिले के सभी डीएसपी और थानेदार मौजूद थे।

50 थाना हाजिरी और 20 होंगे जिला बदर

जिले के 50 से ज्यादा अपराधियों से थाना हाजिरी लगवाई जाएगी। वहीं, 20 अपराधियों को जिला बदर किया जाएगा। इसका प्रस्ताव तैयार हो चुका है। प्रस्ताव डीसी के पास भेजा जाएगा। वहां से सहमति मिलने के बाद सूची में अंकित अपराधियों से थाना हाजिरी लगवायी जाएगी।

शातिर अपराधियों के खिलाफ छापेमारी अभियान के निर्देश

मीटिंग में एसएसपी चंदन कुमार सिन्हा ने थानेदारों को निर्देश दिया है कि जितने भी शातिर अपराधी हैं, उनके विरूद्ध सघन छापेमारी अभियान चलाएं। जमानत पर जेल से छूटे अपराधियों की गतिविधि पर भी नजर रखें। एसएसपी ने थानेदारों से यह भी कहा है कि केंद्रीय बलों के रहने और खाने पीने के लिए इंतजाम किया जाएगा। जवानों को किसी तरह की परेशानियों का सामना नहीं करना पड़े।

हथियार जब्ती के लिए भी कार्रवाई तेज करने की हिदायत

बैठक में थानेदारों से कहा गया है कि लाइसेंसी हथियार का सत्यापन एवं जमा कराएं। शराब के अड्डों पर छापेमारी कर माफियों को पकड़कर जेल भेजें। अपराधियों के अवैध हथियारों को हर हाल में जब्त करें, ताकि चुनाव के दौरान किसी तरह आशांति नहीं फैले। सक्रिय अपराधियों और नक्सलियों के खिलाफ छापेमारी अभियान चलाकर उन्हें हर हाल में गिरफ्तार करें। चेक नाकों में तैनात पुलिस पदाधिकारी हर वाहनों की जांच करने के बाद ही जिला में प्रवेश करने दें। डीआईजी ने सभी थानेदारों को यह भी निर्देश दिया है कि वे अपने-अपने हर दिन गश्त व एंटी क्राइम चेकिंग चलाएं। संदिग्ध नजर आने वालों को तुरंत हिरासत में लें।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।