
हथियार सप्लायरों का भंडाफोड़, आधा दर्जन पिस्टल के साथ पांच अपराधी गिरफ्तार
रांची पुलिस ने एक बड़े हथियार सप्लायर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। गिरोह के सदस्य बिहार से हथियार खरीदकर रांची के अपराधियों को बेचते थे। पुलिस ने कई पिस्टल, रिवॉल्वर और कारतूस बरामद किए हैं। गिरफ्तार तस्करों में मोहम्मद करीब, शाहनवाज आलम, मोहम्मद सैफ, अनुज ठाकुर और अंकित कुमार शामिल हैं।
रांची, प्रमुख संवाददाता। रांची पुलिस ने हथियार सप्लायरों के एक बड़े गैंग का भंडाफोड़ किया। गिरोह में शामिल गुर्गे बिहार के मुंगेर और कैमूर से हथियार खरीदकर रांची के अपराधियों को ऊंची कीमत में बेचते हैं। पुलिस टीम ने आधा दर्जन पिस्टल, रिवॉल्वर और कट्टा के अलावा 110 कारतूस बरामद किए हैं। पांच हथियार तस्करों को भी गिरफ्तार किया है। पकड़े गए तस्करों में हिंदपीढ़ी का मोहम्मद करीब उर्फ बबलू, कांटाटोली मौलाना आजाद कॉलोनी का शाहनवाज आलम, इलाही बक्श कॉलोनी का मोहम्मद सैफ उर्फ शेरा, विद्यानगर का अनुज ठाकुर और बिहार के मोहनिया का अंकित कुमार शामिल है। इसका खुलासा करते हुए सिटी एसपी पारस राणा ने रविवार को बताया कि संगठित अपराध पर कार्रवाई के तहत हथियार सप्लायरों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस गैंग के अन्य गुर्गों को भी तलाश रही है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोय, सिटी डीएसपी संजीव बेसरा, हिंदपीढ़ी थानेदार रंजीत कुमार, सदर थानेदार कुलदीप कुमार के अलावा अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। सोशल मीडिया में तस्वीर भेज हथियारों का होता था सौदा सिटी एसपी ने बताया कि गिरोह में शामिल सप्लायर हथियार बेचने के लिए सोशल मीडिया प्लेटफार्म का इस्तेमाल करते थे। सप्लायर अपने ग्राहकों को व्हाट्सएप व अन्य से उन्हें हथियारों की तस्वीर भेजते थे। बातचीत होने के बाद सप्लायर हथियार लेकर किसी तय जगह पर पहुंचते और फिर क्वालिटी अगर ठीक रहती तो फिर रेट तय होता था। फिर अपराधियों को हथियार सप्लाई कर दी जाती थी। पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को यह भी बताया कि उनके गिरोह में मुंगेर का अंकित हथियार लाकर उन्हें देता है और गिरोह के अन्य गुर्गे अपराधियों को बेचते हैं। हथियार खरीद-फरोख्त की मिली थी सूचना पुलिस के वरीय अधिकारियों को हिंदपीढ़ी में हथियार की खरीद-फरोख्त की शनिवार को गुप्त सूचना मिली। इसके बाद सिटी एसपी के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया। गठित टीम में कोतवाली डीएसपी, सदर डीएसपी के अलावा हिंदपीढ़ी थाना प्रभारी रंजीत कुमार, सदर थानेदार कुलदीप कुमार, कोतवाली थाना प्रभारी रवि कुमार सिंह समेत अन्य पुलिसकर्मियों को शामिल किया गया। हथियार बेचने हिंदपीढ़ी पहुंचा था कबीर गठित टीम ने हिंदपीढ़ी बड़ी मस्जिद के पास पहुंची तो पुलिस को देखकर एक व्यक्ति भागने लगा। जिसे पुलिस ने खदेड़कर पकड़ा। तलाशी लेने पर आरोपी मो कबीर उर्फ बोना के पास से पिस्टल व बीस राउंड गोली बरामद हुआ। कड़ाई से पूछताछ में उसने हथियार सप्लाई करने की बात पुलिस को बतायी। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने मौलाना आजाद कॉलोनी से शाहनवाज, इलाही बक्श कॉलोनी से मो सैफ और पुंदाग से अंकित कुमार व अनुज को सुखदेवनगर इलाके से पकड़ा। सभी के पास से हथियार व कारतूस बरामद किए गए। पूछताछ में आरोपियों ने हथियार खरीद-बिक्री की बात स्वीकारी है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




