पुलिस के हत्थे चढ़ा गैंगस्टर प्रिंस का खास शूटर
रांची पुलिस ने गैंगस्टर प्रिंस खान के शूटर सचिन यादव को गिरफ्तार किया है। सचिन ने टीटोस रेस्टोरेंट में गोलीबारी की थी, जिसमें एक वेटर की मौत हुई थी। जांच में पता चला कि उसे जेल में बंद कुबेर ने एक लाख की सुपारी दी थी। पुलिस ने पहले प्रिंस के चार गुर्गों को भी गिरफ्तार किया है।

रांची, प्रमुख संवाददाता। गैंगस्टर प्रिंस खान गैंग के खिलाफ रांची पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उसके खास शूटर सचिन यादव को गिरफ्तार कर लिया है। मूलरूप से धनबाद के रहने वाले सचिन ने ही टीटोस रेस्टोरेंट में गोलीबारी की थी। सचिन से पूछताछ में पुलिस को कई अहम जानकारी मिली है। बता दें कि इससे पहले प्रिंस के चार गुर्गों को गिरफ्तार कर रांची पुलिस जेल भेज चुकी है। पुलिस को पता चला है कि जेल में बंद कुबेर ने सचिन से संपर्क कर रेस्टोरेंट में गोलीबारी करने के लिए एक लाख रुपए की सुपारी देने की बात की थी।
इसके लिए कुबेर ने उसे 10 हजार रुपए एडवांस के रूप में दिए थे। साथ ही कहा था कि वारदात को अंजाम देने के बाद शेष राशि दी जाएगी। सिटी एसपी पारस राणा ने मामले का खुलासा करते हुए रविवार को बताया कि आठ मार्च को टीटोस रेस्टोरेंट में हुई गोलीबारी में सचिन यादव भी शामिल था। उसी ने प्रतिष्ठान पर फायरिंग की थी, जिसमें मनीष गोप नाम के वेटर की मौत हो गई थी।रेस्टोरेंट संचालक से मांगी थी एक करोड़ रंगदारीसिटी एसपी ने बताया कि पिछले साल 27 दिसंबर को लोधमा ग्राम स्थित टीटोस रेस्टोरेंट के मालिक राजकुमार गोप, उनके दो साथी पुष्कर महतो और पिंटू कच्छप को प्रिंस खान द्वारा इंटरनेट कॉल के माध्यम से ऑडियो मैसेज भेजकर एक करोड़ रंगदारी की मांग की गई। पैसे नहीं देने पर लगातार धमकी दी जा रही थी। इसी क्रम में जब रंगदारी के पैसे नहीं मिले तो गिरोह के गुर्गों के जरिये आठ मार्च को रेस्टोरेंट में घटना को अंजाम दिया था।एसआईटी का किया गया था गठनवारदात के बाद एसआईटी का गठन किया गया था। टीम ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए घटना में संलिप्त गुर्गों में से चार अपराधियों को गिरफ्तार कर पूर्व में ही जेल भेज दिया है। अनुसंधान के क्रम में गिरफ्तार अभियुक्तों द्वारा मुख्य शूटर के रूप में सचिन यादव की पहचान की गयी थी। इसके बाद लगातार छापेमारी करके एसआईटी ने उसे दबोच लिया। पूछताछ के क्रम में उसकी निशानदेही पर घटना के समय पहने हुए कपड़े एवं हथियार बरामद किए गए हैं। बरामद हथियार के सबंध में अलग से एयरपोर्ट थाना में केस दर्ज किया गया है।सचिन का रहा है आपराधिक रिकॉर्डसचिन यादव शातिर अपराधी है। उसका आपराधिक इतिहास रहा है। जोगता थाना कांड सं0-45/17 धारा-396 भा०द०वि० एवं 27 आर्म्स एक्ट, राजगंज थाना कांड सं0-50/17 धारा-395 भा०द०वि०, बैंक मोड़ थाना कांड सं0-158/21 धारा-385/387/34/120बी भा०द०वि०, पुटकी थाना कांड सं0-71/23 धारा-379 भा०द०वि०, पुटकी थाना कांड सं0-70/23 धारा-379 भा०द०वि०, पुटकी थाना कांड सं0-55/23 धारा-385/34 भा०द०वि०, बैंक मोड़ थाना कांड सं0-227/23 धारा-379/414/34 भा०द०वि० और बैंक मोड़ थाना कांड सं0-18/25 धारा-351 (2)/61 (2)/3(5) बीएनएस एवं 25 (1-बी)a/26/35 आर्मस एक्ट एंड 4/5/6 विस्फोटक पदार्थ अधिनियम शामिल है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


