
चुटिया में चार घंटे तक चले अभियान में 15 ठेला, गुमटी व सामान जब्त
रांची में निगम की इन्फोर्समेंट टीम ने मंगलवार को चुटिया इलाके में अतिक्रमण हटाने का अभियान जारी रखा। इस दौरान कई अस्थायी और स्थायी संरचनाओं को ध्वस्त किया गया। दुकानदारों को चेतावनी दी गई कि यदि उन्होंने फिर से अतिक्रमण किया तो कठोर कार्रवाई की जाएगी। 15 से अधिक ठेले और अन्य सामान जब्त किए गए।
रांची, प्रमुख संवाददाता। शहर में सुगम यातायात को लेकर निगम की ओर से अतिक्रमण हटाओ अभियान मंगलवार को भी जारी रहा। निगम की इन्फोर्समेंट टीम ने दिन के 11 से दोपहर तीन बजे तक चुटिया इलाके में अभियान चलाया। चुटिया में इंदिरा गांधी चौक के आसपास, बहुबाजार रोड, थाना रोड व योगदा आश्रम मार्ग पर सड़क के दोनों ओर से बांस-बल्ली से तैयार दर्जनों अस्थायी संरचना के अलावा स्थायी संरचना को ध्वस्त किया गया। टीम ने दुकान व प्रतिष्ठान के बाहर निगम की जमीन, गिफ्ट डीड की जमीन व फुटपाथ पर तैयार स्थायी व अस्थायी संरचना को ध्वस्त किया। इस काम में निगम की ओर से जेसीबी का उपयोग किया गया।
कई दुकान के बाहर निकाले गए शेड को भी हटाया गया। अभियान के क्रम में सभी दुकानदारों और वेंडर को उजाड़े गए स्थान पर फिर से दुकान लगाने या फिर शेड व किसी तरह से अस्थायी संरचना तैयार करने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। 15 से अधिक ठेला, गुमटी व सामान जब्त इन्फोर्समेंट टीम ने अभियान के क्रम में 15 से अधिक ठेला, गुमटी, बांस-बल्ली, काउंटर, टेबुल-कुर्सी, बेंच व अन्य सामान जब्त किया। चौक के पास फुटपाथ पर संचालित जूस काउंटर को जेसीबी से ध्वस्त किया गया। जूस काउंटर के संचालक को सोमवार को समय रहते स्थायी तौर पर तैयार काउंटर को हटा लेने को कहा गया था, इसके बावजूद संचालक ने निर्देश की अनदेखी की थी। बताया गया कि सिरमटोली चौक पर फ्लाईओवर के एक हिस्से का निर्माण होने की वजह से शनि मंदिर, इंदिर गांधी चौक, थाना चौक व योगदा आश्रम के रास्ते एक छोर से वाहनों की आवाजाही बढ़ गई है। फुटपाथ पर तरह-तरह से अतिक्रमण की वजह से यह मार्ग काफी संकरा हो गया है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




