Ranchi News: राजस्व मामलों में देरी पर उपायुक्त सख्त, लापरवाही करने वालों पर लगेगा जुर्माना
Ranchi News: रांची में उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री की अध्यक्षता में राजस्व मामलों की समीक्षा बैठक हुई। उपायुक्त ने चेतावनी दी कि अनावश्यक विलंब और शिकायतें बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे मामलों का समय पर निष्पादन सुनिश्चित करें और जीरो टॉलरेंस नीति अपनाएं।

Ranchi News: रांची, विशेष संवाददाता। राजस्व संबंधी सेवाएं समय पर और पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को समाहरणालय स्थित एनआईसी सभागार में उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री की अध्यक्षता में राजस्व मामलों की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में उपायुक्त ने स्पष्ट चेतावनी दी कि राजस्व मामलों में अनावश्यक विलंब, लापरवाही और शिकायतों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जो पदाधिकारी या कर्मचारी जानबूझकर मामलों को लंबित रखेंगे अथवा कार्य में देरी करेंगे, उनके खिलाफ जुर्माना लगाने सहित सख्त कार्रवाई की जाएगी। उपायुक्त ने कहा कि आम लोगों को बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने के लिए मजबूर करने वाले अधिकारियों के प्रति जिला प्रशासन की जीरो टॉलरेंस नीति रहेगी।
उन्होंने सभी अंचल अधिकारियों को निर्देश दिया कि राजस्व मामलों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करें और शिकायतों की कोई गुंजाइश न छोड़ें।


