वेंडर-वेजिटेबल मार्केट में लगेगी पर्यावरण अनुकूल कैरी बैग उत्पादन यूनिट
प्रशासक सुशांत गौरव की अध्यक्षता में बैठक की गई, स्वयं सहायता समूह की महिलाओं की दो टीमों का गठन, शहर में सिंगल यूज प्लास्टिक के विकल्प को बढ़ावा मिलेगा

रांची, संवाददाता। रांची को सिंगल यूज प्लास्टिक मुक्त बनाने की दिशा में रांची नगर निगम ने नई पहल शुरू की है। इसके तहत शहर में पर्यावरण अनुकूल विकल्प उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रांची नगर निगम की ओर से अटल स्मृति वेंडर मार्केट और नागा बाबा वेजिटेबल मार्केट में नॉन वूवन कैरी बैग उत्पादन यूनिट स्थापित करने का प्रस्ताव है। इसे लेकर गुरुवार को प्रशासक सुशांत गौरव की अध्यक्षता में बैठक की गई। जिसमें यूनिट के संचालन, उत्पादन, मार्केटिंग, मांग-आपूर्ति और प्रशिक्षण से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई। बैठक के दौरान यूनिट के संचालन के लिए एरिया लेवल फेडरेशन (एएलएफ) और स्वयं सहायता समूह की महिलाओं की दो टीमों का गठन भी किया गया।
प्रशासक ने कहा कि मशीन संचालन शुरू होने से पहले सभी महिलाओं को आवश्यक प्रशिक्षण दिया जाए। साथ ही उत्पादित बैग की गुणवत्ता, बाजार की मांग-आपूर्ति और आर्थिक पहलुओं का नियमित आकलन करने को कहा। उन्होंने बताया कि डे-एनयूएलएम योजना के तहत शुरू की जा रही यह पहल महिलाओं को रोजगार और आत्मनिर्भरता का अवसर देगी। साथ ही शहर में सिंगल यूज प्लास्टिक के विकल्प को बढ़ावा मिलेगा। नॉन वूवन कैरी बैग टिकाऊ और किफायती होने के कारण पर्यावरण के लिए बेहतर विकल्प माने जाते हैं। बैठक में अपर प्रशासक संजय कुमार, उप प्रशासक गौतम प्रसाद साहू, सहायक प्रशासक निकेश कुमार, नगर अभियान प्रबंधक, एएलएफ प्रतिनिधि और स्वयं सहायता समूह की महिलाएं उपस्थित थीं।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


