मोरहाबादी डिस्पैच सेंटर का अधिकारियों ने किया निरीक्षण

Feb 11, 2026 09:40 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, रांची
share

रांची में नगर निकाय चुनाव के सफल संचालन के लिए प्रशासन ने तैयारियों को तेज किया है। उपविकास आयुक्त ने मोरहाबादी स्थित डिस्पैच सेंटर का निरीक्षण किया और पोलिंग पार्टियों के डिस्पैच की तैयारियों का अवलोकन किया। चुनाव के दौरान मूलभूत सुविधाओं और सुरक्षा बलों की तैनाती पर विशेष ध्यान दिया गया है।

मोरहाबादी डिस्पैच सेंटर का अधिकारियों ने किया निरीक्षण

रांची, विशेष संवाददाता। नगर निकाय चुनाव के सफल एवं सुव्यवस्थित संचालन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में बुधवार को उपविकास आयुक्त सौरभ कुमार भुवनिया ने मोरहाबादी स्थित डिस्पैच सेंटर का निरीक्षण कर वहां चल रही व्यवस्थाओं का जायजा लिया। यह निरीक्षण जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री के निर्देश पर किया गया। निरीक्षण के दौरान उपविकास आयुक्त ने पोलिंग पार्टियों के डिस्पैच की तैयारियों का विस्तृत अवलोकन किया। उन्होंने उपनिर्वाचन पदाधिकारी-सह-पंचायती राज पदाधिकारी को राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी व्यवस्थाएं समय पर और त्रुटिरहित सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। प्रशासन की ओर से बताया गया कि 22 फरवरी को मोरहाबादी स्थित डिस्पैच सेंटर से विभिन्न मतदान केंद्रों के लिए पोलिंग पार्टियों को रवाना किया जाएगा।

इसे लेकर काउंटरवार सुव्यवस्थित डिस्पैच व्यवस्था, निर्वाचन सामग्री किट का पूर्ण संकलन, पोलिंग कर्मियों की उपस्थिति का सत्यापन तथा रैंडमाइजेशन के अनुरूप प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित की जा रही है। इसके अलावा सुरक्षा बलों की पर्याप्त तैनाती, रूट चार्ट के अनुसार वाहन व्यवस्था, पोलिंग पार्टियों को प्रशिक्षण संबंधी दिशा-निर्देशों का पुनः स्मरण, मेडिकल सहायता, पेयजल, शौचालय समेत अन्य मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता पर विशेष जोर दिया गया है। आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए कंट्रोल रूम और हेल्प डेस्क भी स्थापित किया जा रहा है। उपविकास आयुक्त ने निर्देश दिया कि डिस्पैच के दिन भीड़-भाड़ से बचने के लिए समयबद्ध और चरणबद्ध व्यवस्था लागू की जाए तथा प्रत्येक पोलिंग पार्टी को उनके निर्धारित वाहन और रूट की स्पष्ट जानकारी उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों और कर्मियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने को कहा, ताकि निर्वाचन प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।