Ranchi News: मानक पूरे होने पर ही खुलेंगे सील कोचिंग संस्थानों के ताले
Ranchi News: रांची नगर निगम ने कोचिंग संस्थानों की सुरक्षा को लेकर सख्ती बरती है। सुरक्षा मानकों का पालन न करने वाले संस्थानों के खिलाफ कार्रवाई जारी है। नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि छात्रों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं होगा। कोचिंग संस्थानों को नियमों का पालन करने के लिए कहा गया है।

Ranchi News: रांची, वरीय संवाददाता। शहर के कोचिंग संस्थानों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को लेकर रांची नगर निगम ने सख्ती बढ़ा दी है। भवन और सुरक्षा मानकों का पालन नहीं करने वाले संस्थानों के खिलाफ निगम की जांच और कार्रवाई जारी रहेगी। बुधवार को सील किए गए कोचिंग संस्थानों के संचालकों समेत अन्य कोचिंग संस्थानों के प्रतिनिधियों ने नगर आयुक्त सुशांत गौरव से मुलाकात की। संचालकों ने निर्धारित नियमों और सुरक्षा मानकों का पालन करने का भरोसा दिया। नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि विद्यार्थियों की सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि निगम का उद्देश्य कोचिंग संस्थानों की शैक्षणिक गतिविधियों को रोकना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को सुरक्षित और मानक के अनुरूप पढ़ाई का माहौल उपलब्ध कराना है।
उन्होंने कहा कि नेशनल बिल्डिंग कोड, झारखंड नगरपालिका अधिनियम-2011 और झारखंड भवन उपविधि के प्रावधानों का पालन करना अनिवार्य है। नगर निगम के अनुसार, निर्धारित मानकों का अनुपालन पूरा होने के बाद ही सील किए गए संस्थानों को खोलने की प्रक्रिया पर विचार किया जाएगा। इसके लिए संस्थानों को अनुपालन की जानकारी शपथ-पत्र के माध्यम से निगम को देनी होगी।

