दुकानों में दो डस्टबीन का पालन नहीं होने पर जुर्माना लगाएं : उप नगर आयुक्त
रांची नगर निगम की इंफोर्समेंट शाखा की बैठक में उप नगर आयुक्त गौतम प्रसाद साहू ने अतिक्रमण और कूड़ा फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने शहर में अतिक्रमण मुक्त अभियान, जुर्माना लगाने और डस्टबिन रखने के नियमों का पालन सुनिश्चित करने की बात की।

रांची, वरीय संवाददाता। रांची नगर निगम की इंफोर्समेंट शाखा द्वारा किए गए कार्यों की मंगलवार को समीक्षा हुई। निगम सभागार में हुई बैठक की अध्यक्षता उप नगर आयुक्त गौतम प्रसाद साहू ने की। बैठक में उप नगर आयुक्त ने कई दिशा-निर्देश भी दिए। इसमें शहर के सभी वार्डों के मुख्य मार्गों और कनेक्टिंग मार्गों में अतिक्रमण मुक्त अभियान वृहद स्तर पर चलाने, सड़कों पर गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ जुर्माना लगाना आदि शामिल थे। उप नगर आयुक्त ने सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ जांच व नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शहर के सभी व्यावसायिक प्रतिष्ठानों व दुकानों में दो डस्टबिन रखना अनिवार्य किया गया है।
निर्धारित व्यवस्था का पालन नहीं करने की स्थिति में संबंधित प्रतिष्ठान पर नियमानुसार जुर्माना लगाया जाए। यह भी सुनिश्चित करें कि व्यावसायिक प्रतिष्ठानों व भवनों के पार्किंग स्थल केवल पार्किंग के लिए आरक्षित हो, वहां कोई अन्य व्यावसायिक गतिविधियां संचालित न हो।कूड़ा फैलाने वालों पर कार्रवाई जारी रहेगीबैठक में उप नगर आयुक्त ने अवैध संरचनाओं के निर्माण पर तत्काल रोक व नगर निवेशक शाखा के साथ संयुक्त जांच करना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वार्डों के मुख्य मार्गों एवं कनेक्टिंग मार्गों में अतिक्रमण मुक्त अभियान वृहद स्तर पर संचालित करें। अभियान के बाद पुनः उक्त स्थल पर अतिक्रमण न हो, यह सुनिश्चित करे। इस दौरान जिला प्रशासन व ट्रैफिक विभाग से समन्वय बनाकर कार्य करने का निर्देश दिया गया। उप नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि कूड़ा फैलाने वालों व अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ निरंतर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। बैठक में सहायक नगर आयुक्त, नगर प्रबंधक व इनफोर्समेंट टीम उपस्थित थी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


