गर्मी से राहत के लिए शहर में निगम तैयार कराएगा सराय

Feb 25, 2026 09:19 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, रांची
share

रांची नगर निगम गर्मी के मौसम में राहगीरों और आम लोगों के लिए अस्थायी सराय तैयार करेगा। छायादार बैठने की व्यवस्था के साथ घड़ा में शीतल जल की सुविधा होगी। फुटपाथ दुकानदारों के लिए नए वेंडिंग जोन विकसित किए जाएंगे। बैठक में सरकारी भवनों पर अवैध कब्जा हटाने और श्रमिक कार्ड के पंजीकरण की समीक्षा की गई।

गर्मी से राहत के लिए शहर में निगम तैयार कराएगा सराय

रांची, प्रमुख संवाददाता। रांची नगर निगम की ओर से गर्मी के मौसम में राहगीरों समेत आमजन की सुविधा के लिए कई स्थान पर अस्थायी सराय तैयार होगा। इसके लिए चिन्हित प्रमुख स्थान पर छायादार बैठने की सुविधा के साथ घड़ा में शीतल जल की व्यवस्था की जाएगी। वहीं फुटपाथ दुकानदारों को एक स्थान पर जीविका चलाने की व्यवस्था को लेकर जल्द ही नए वेंडिंग जोन विकसित किए जाएंगे। इसके लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र लेने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। निगम के प्रशासक सुशांत गौरव ने बुधवार को सभागार में एनयूएलएम शाखा के अधिकारियों व कर्मियों के साथ समीक्षा बैठक में यह निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि नगर निगम क्षेत्र के सभी आश्रय गृह साफ-सुथरा बनाया जाएगा। वहीं जर्जर आश्रय गूह को हटाया जाएगा। इसके अलावा जाड़ा में अस्थायी आश्रय गृह बनाने के लिए स्थल चिन्हिकरण का काम पूरा करने को कहा गया। बैठक में स्ट्रीट वेंडर्स, मुख्यमंत्री श्रमिक योजना एवं स्वयं सहायता समूह से संबंधित कार्यों की समीक्षा की गई। सरकारी भवन पर से कब्जा हटाया जाएगा प्रशासक ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र में ऐसे सरकारी भवन, जिन पर किसी समिति या संगठन द्वारा अवैध कब्जा किया गया है, उन्हें चिन्हित कर जल्द खाली कराया जाएगा। ऐसे सभी भवन का उपयोग जनोपयोगी काम के लिए होगा। मुख्यमंत्री श्रमिक योजना में नए श्रमिक कार्ड का पंजीकरण, पूर्व में निर्गत श्रमिक कार्ड का वित्तीय वर्ष के अंत तक शत-प्रतिशत सत्यापन पूरा करने का निर्देश दिया गया। सत्यापन के बाद अर्हता रखने वाले श्रमिकों की सूची तैयार कर विभिन्न योजना से जोड़ने को भी कहा गया। सक्षम श्रमिकों को नगर निगम की हॉर्टिकल्चर शाखा, जलापूर्ति शाखा एवं स्वच्छता शाखा से जोड़ने को लेकर प्रतिवेदन तैयार किया जाएगा, ताकि श्रमिकों को नियमित रूप से काम मिल सके। आवंटित दुकानदार के दुकान लगाने पर कार्रवाई निगम संचालित नागा बाबा खटाल वेजिटेबल मार्केट, डिस्टिलरी पुल वेंडर मार्केट तथा मोरहाबादी वेंडिंग जोन दो में पूर्व से आवंटित दुकानदारों से सड़क पर दुकान नहीं लगाने को कहा गया है। निरीक्षण के दौरान उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित वेंडरों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करते हुए आवंटन रद्द करने की कार्रवाई की जाएगी। बैठक में उप प्रशासक, सहायक प्रशासक, नगर अभियान प्रबंधक एवं अन्य संबंधित कर्मी उपस्थित थे।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।