
बदलती रांची : डोरंडा में मॉडर्न मार्केट बनाने के लिए निगम ने किया स्थल निरीक्षण
रांची नगर निगम डोरंडा में फुटपाथ की दुकानों को व्यवस्थित करने के लिए आधुनिक बाजार विकसित करने की तैयारी कर रहा है। प्रशासक सुशांत गौरव ने स्थल का निरीक्षण किया और स्थानीय संस्कृति के अनुसार रोड साइड मार्केट को स्थापित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा, बड़ा घाघरा में सीएंडडी प्रोसेसिंग प्लांट भी शुरू होगा।
रांची, प्रमुख संवाददाता। डोरंडा इलाके में फुटपाथ पर फल-सब्जी की दुकानों को व्यवस्थित करने के लिए नगर निगम बाजार क्षेत्र में रोड साइड मॉर्डन मार्केट विकसित करने की तैयारी में जुट गया है। सड़क पर लगने वाले जाम से राहत सहित अन्य सुविधाएं बहाल करने के लिए निगम प्रशासक सुशांत गौरव ने शनिवार को स्थल का निरीक्षण किया। गलियों में एकत्र कचरे का बड़ा घाघरा में एमआरएफ व सीएंडडी प्लांट में निस्तारण करने की भी जानकारी दी गई। प्लांट से मिले मटेरियल से पेवर ब्लॉक्स तैयार होंगे। इस बीच प्रशासक ने विकास योजना पर चल रही तैयारी की जानकारी भी ली।

क्षेत्र में 150 वेंडर्स और 87 दुकान संचालकों को बैठने के लिए स्थान मिलेगा। उन्होंने रोड साइड मार्केट को स्थानीय संस्कृति के मुताबिक प्रतिष्ठित और थीम आधारित विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से परिसर में आश्रय गृह और लेबर चौक के साथ वाहन पड़ाव का काम पूरा करने को कहा। इसके अलावा अतिक्रमणमुक्त अभियान चलाने, शौचालय, नालियों की नियमित सफाई कराने की भी हिदायत दी। बड़ा घाघरा में शुरू होगा सीएंडडी प्रोसेसिंग प्लांट डोरंडा के बड़ा घाघरा में जल्द ही मटेरियल रिकवरी फेसिलिटी एवं कंस्ट्रक्शन एंड डेमोलिसियन वेस्ट (सीएंडडी प्रोसेसिंग) प्लांट शुरू हो जाएगा। इससे आसपास के इलाके से निकलने वाले कचरे के पृथक्करण करने में आसानी होगी। कचरा निस्तारण का काम और तेजी किया जा सकेगा। प्लांट की क्षमता सौ एवं 50 टन प्रतिदिन है। यहां बन रहे प्लांट का भी प्रशासक ने मुआयना किया। उन्होंने जल्द ही प्लांट परिसर की चहारदीवारी बनाने की जानकारी दी। उर्स मैदान में निगम की जमीन पर होगा विकास कार्य रिसालदार बाबा मजार के पास उर्स मैदान में स्थानीय लोगों के हित का ध्यान रखकर जमीन को उपयोगी बनाने को लेकर काम होगा। जिससे रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। वहीं पहले से बने सामुदायिक भवन को और सुंदर व व्यवस्थित किया जाएगा। इसके अलावा सामुदायिक शौचालय की स्थिति में भी अपेक्षित सुधार होगा। ▶️निरीक्षण टीम में, अपर प्रशासक संजय कुमार, उप प्रशासक गौतम प्रसाद साहू, सहायक प्रशासक, नगर प्रबंधक, जोनल सुपरवाइजर एवं वार्ड सुपरवाइजर शामिल थे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




