Ranchi News: शुरू हुए 5 नए अंचल कार्यालय, अब नजदीक ही मिलेंगी निगम की सेवाएं
Ranchi News: रांची नगर निगम ने गांधी जयंती पर पांच नए अंचल कार्यालयों का उद्घाटन किया। यह निगम के 47 वर्षों के इतिहास में पहली बार है कि एक साथ पांच नए कार्यालय खोले गए हैं। यह सेवाओं के विकेंद्रीकरण और नागरिकों की समस्याओं के समाधान में तेजी लाने के लिए किया गया है।

Ranchi News: रांची, वरीय संवाददाता। राजधानीवासियों को नगर निगम की सुविधाओं का लाभ अब उनके घर के समीप ही मिलेगा। गांधी जयंती पर शुक्रवार को रांची नगर निगम क्षेत्र में पांच नए अंचल कार्यालयों का उद्घाटन किया गया। यह पहला अवसर है जब निगम के 47 वर्षों के इतिहास में एक साथ पांच नए अंचल कार्यालय खोले गए हैं। इससे पूर्व निगम स्तर की तमाम प्रशासनिक सेवाएं केवल मुख्यालय और डोरंडा अंचल कार्यालय के माध्यम से ही संचालित होती थीं। शहर के निरंतर होते विस्तार और बढ़ती जनसंख्या को ध्यान में रखते हुए सेवाओं का विकेंद्रीकरण किया गया है। इसका मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को छोटे-छोटे कार्यों और शिकायतों के लिए निगम मुख्यालय के चक्कर काटने से मुक्ति दिलाना है。
समस्याओं का समाधान तेजी से हो सकेगा
इन स्थानीय कार्यालयों के शुरू होने से सफाई, स्ट्रीट लाइट, जलापूर्ति जैसी मूलभूत नागरिक समस्याओं का समाधान तेजी से हो सकेगा। उद्घाटन समारोह में मेयर रोशनी खलखो ने इसे निगम की बड़ी उपलब्धि बताते हुए कर्मचारियों को संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ काम करने का निर्देश दिया। वहीं, डिप्टी मेयर नीरज कुमार ने इन कार्यालयों को केवल प्रशासनिक केंद्र न मानकर ‘स्थानीय सेवा केंद्र’ के रूप में विकसित करने पर जोर दिया। नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने आश्वस्त किया कि नागरिकों के फीडबैक के आधार पर भविष्य में सेवाओं का और अधिक विस्तार किया जाएगा।
यहां खोले गए नए अंचल कार्यालय
मौके पर अपर नगर आयुक्त संजय कुमार, उप नगर आयुक्त रविंद्र कुमार, कार्यपालक अभियंता, सहायक नगर आयुक्त, नगर प्रबंधक, पार्षद और निगम के पदाधिकारी-कर्मी मौजूद थे।
वार्ड 21: बड़ा तालाब स्थित सामुदायिक भवन
वार्ड 32: पंडरा स्थित पंचायत कार्यालय
वार्ड 6: बांधगाड़ी स्थित सामुदायिक भवन
वार्ड 40: धुर्वा (एचईसी सेक्टर-3 बाजार) स्थित सामुदायिक भवन
वार्ड 53: तुपुदाना

