
खुले में यूरिन करने वाले आठ लोगों पर सौ-सौ रुपये का जुर्माना
रांची नगर निगम ने खुले में पेशाब करने वालों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। पहले दिन आठ लोगों पर सौ रुपये का जुर्माना लगाया गया। निगम ने शहर में स्वच्छता बनाए रखने के लिए येलो स्पॉट चिन्हित किए हैं। नागरिकों से अपील की गई है कि वे सार्वजनिक स्थलों पर पेशाब या थूकने से बचें।
रांची, प्रमुख संवाददाता। रांची नगर निगम क्षेत्र में खुले में पेशाब (यूरिन) करने वालों के विरूद्ध बुधवार से कार्रवाई शुरू हो गई। अभियान के पहले दिन निगम की टीम ने आठ लोगों को खुले स्थान पर पेशाब करते पाया। इसके बाद टीम ने प्रत्येक पर सौ रुपये का जुर्माना लगाया गया। यह जुर्माना निगम के नियमों के उल्लंघन और शहर को साफ-सुथरा बनाए रखने में सहयोग नहीं करने को लेकर हुआ है। निगम की ओर से स्वच्छ सर्वेक्षण को लेकर शहर के प्रमुख इलाकों में खुले में पेशाब करने वाले स्थानों को येलो स्पॉट के रूप में चिन्हित किया गया है।
ऐसे ही स्थानों पर धावा दल की ओर से कार्रवाई की गई। पान-गुटखा खाकर थूकने पर भी कार्रवाई बताया गया कि निगम की स्वच्छता व स्वास्थ्य शाखा की ओर से शहर में येलो व रेड स्पॉट और खुला विभेदन स्थल चिन्हित किए गए हैं। ऐसे स्थानों का उपयोग कर स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध लगातार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। निगम की ओर से शहरवासियों से आग्रह किया गया है कि खुले में पेशाब या शौच नहीं करें। सार्वजनिक स्थलों पर पान, गुटखा खाकर पीक नहीं थूकें। ऐसा करते पाए जाने पर नियमानुसार सख़्त कार्रवाई होगी और जुर्माना किया जाएगा। शहर को स्वच्छ बनाए रखने में सहयोग करने और रांची को स्वच्छ सर्वेक्षण में शीर्ष रैंकिंग में शामिल कराने को लेकर महत्वपूर्ण योगदान देने का भी शहरवासियों से आह्वान किया गया है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




