स्कूल रूआर अभियान का शुभारंभ, ड्रॉपआउट खत्म करने पर जोर
रांची में शनिवार को ‘स्कूल रूआर-2026’ अभियान की शुरुआत हुई। उपायुक्त ने कहा कि जिले का कोई बच्चा शिक्षा के अधिकार से वंचित नहीं रहना चाहिए। सभी शिक्षकों को अनामांकित और ड्रॉपआउट बच्चों की पहचान करके उनका नामांकन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। अभियान का मुख्य उद्देश्य शिक्षा का सार्वभौमिक विस्तार करना है।

रांची, संवाददाता। जिले में बच्चों के शत-प्रतिशत नामांकन और ड्रॉपआउट (पढ़ाई छोड़ने की दर) को समाप्त करने के उद्देश्य से शनिवार को ‘स्कूल रूआर-2026’ (बैक टू स्कूल) अभियान की औपचारिक शुरुआत हुई। समाहरणालय सभागार में आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने किया। उन्होंने अधिकारियों और शिक्षकों को निर्देश देते हुए कहा कि अभियान के दौरान जिले का कोई भी बच्चा शिक्षा के अधिकार से वंचित नहीं रहना चाहिए। सभी शिक्षक घर-घर जाकर अनामांकित और स्कूल छोड़ चुके बच्चों की पहचान करें और उनका नजदीकी विद्यालय में नामांकन सुनिश्चित कराएं। डीसी ने निर्देश दिया कि आंगनबाड़ी केंद्रों से बच्चों का विद्यालयों में शत-प्रतिशत पारगमन (ट्रांजिशन) सुनिश्चित किया जाए।
साथ ही, कक्षा 1 से 11 तक के विद्यार्थियों को अगली कक्षा में सुचारू रूप से प्रोमोट करने की जिम्मेदारी भी तय की गई। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 13 अप्रैल को जिले के सभी प्रखंडों में कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी, जबकि 15 से 30 अप्रैल तक सभी विद्यालयों में विशेष जागरुकता गतिविधियां चलाई जाएंगी। अभियान का मुख्य लक्ष्य जिले में ड्रॉपआउट की समस्या को पूरी तरह समाप्त कर शिक्षा का सार्वभौमिक विस्तार करना है।उपायुक्त ने तकनीकी पहलुओं पर ध्यान केंद्रित करते हुए कहा कि यू-डाइस के ड्रॉप बॉक्स में उपलब्ध बच्चों के डेटा को शिक्षक अनिवार्य रूप से अपने विद्यालय के रिकॉर्ड में जोड़ें। कार्यक्रम के दौरान उप विकास आयुक्त (डीडीसी) सौरभ भुवनिया, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी उर्वशी पांडेय, जिला शिक्षा पदाधिकारी विनय कुमार और जिला शिक्षा अधीक्षक बादल राज सहित सभी प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी एवं विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित थे। अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे इस अभियान को मिशन मोड में लें ताकि प्रारंभिक और माध्यमिक स्तर पर नामांकन के लक्ष्यों को ससमय प्राप्त किया जा सके।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


