
रांची: 1 अक्टूबर को होगी प्रतिमा विसर्जन शोभायात्रा
रांची में देवी दुर्गा और अन्य देवताओं की प्रतिमाओं का विसर्जन एक अक्तूबर को होगा। पांच दिनों तक भक्तों पर आशीष बरसाने के बाद मां दुर्गा रविवार को विदा लेंगी। रांची महानगर श्री दुर्गा पूजा समिति की ओर...
रांची में देवी दुर्गा और अन्य देवताओं की प्रतिमाओं का विसर्जन एक अक्तूबर को होगा। पांच दिनों तक भक्तों पर आशीष बरसाने के बाद मां दुर्गा रविवार को विदा लेंगी। रांची महानगर श्री दुर्गा पूजा समिति की ओर से एक अक्तूबर को विसर्जन शोभयात्रा निकाली जाएगी।
समिति के संयोजक डॉ अजीत सहाय, अध्यक्ष तिलकराज आजमानी, कार्यकारी अध्यक्ष रामधन वर्मन, मंत्री प्रदीप राय बाबू, प्रेम वर्मा, अनिल यादव, महेंद्र यादव, संजय सिन्हा व राजन वर्मा ने बताया कि दिन के 12 बजे से प्रतिमा विसर्जन शोभायात्रा आरंभ होगी। मुख्य विसर्जन शोभायात्रा कचहरी रोड के बिहार क्लब से आरंभ होगी।
उन्होंने बताया कि पंडरा और हेसल की ओर से आनेवाली शोभायात्रा न्यू मार्केट चौक पहुंचेगी। यहां पर कचहरी एवं कांके रोड, बरियातू रोड से निकली प्रतिमाओं के साथ सभी शहीद चौक पहुंचेगी। यहां पर हरमू रोड की ओर से निकली शोभायात्रा का मिलन होगा। इसके बाद समिति द्वारा संयुक्त विसर्जन शोभायात्रा आरंभ होगी।
मेन रोड, काली स्थान चौक से होकर विसर्जन शोभायात्रा अलबर्ट एक्का चौक पहुंचेगी। यहां से आयोजन समितियां प्रतिमाओं को लेकर लाइन टैंक तालाब व बड़ा तालाब पहुंचेंगी, जहां पर देवी दुर्गा की प्रतिमाओं का विसर्जन होगा।
पूजा आयोजकों के लिए वाहन की व्यवस्था होगी
पूजा आयोजकों के लिए प्रतिमा विसर्जन के लिए एक अक्तूबर को सुबह में वाहन की व्यवस्था की जाएगी। जिला प्रशासन के निर्देश पर रांची महानगर श्री दुर्गा पूजा समिति वाहनों की व्यवस्था करेगी। कमेटी के रामधन वर्मन ने बताया कि डॉ जाकिर हुसैन पार्क के पास सुबह पांच बजे, बूटी मोड़ और नामकुम थाना के पास पूजा के आयोजकों के लिए वाहन के इंतजाम किए जाएंगे।

लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




