कल खुलेगा जनादेश का पिटारा, अभेद्य किले में तब्दील काउंटिंग सेंटर
रांची जिला प्रशासन और पुलिस ने 27 फरवरी को होने वाली नगर निगम चुनाव की मतगणना के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। मतगणना केंद्र को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है। बिना पास किसी को भी प्रवेश की अनुमति नहीं होगी, और सीसीटीवी से हर गतिविधि की निगरानी की जाएगी।

रांची, प्रमुख संवाददाता। रांची जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने कांके के सुकुरहुट्टू के समीप में स्थित ट्रांसपोर्ट नगर मतगणना केंद्र में सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम किया गया है। यहां 27 फरवरी को रांची नगर निगम के महापौर व वार्ड पार्षदो के लिए हुए चुनाव को लेकर मतगणना का काम होगा। रांची पुलिस की ओर से पूरे मतगणना केंद्र को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है। केंद्र के अंदर और बाहर सुरक्षा घेरा इतना मजबूत किया गया है कि बिना अनुमति कोई भी व्यक्ति प्रवेश नहीं कर सकेगा। मुख्य प्रवेश द्वार से लेकर मतगणना हॉल तक हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जाएगी।
मतगणना प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए करीब एक हजार पुलिस बल की तैनाती की गई है। इसमें जिला पुलिस, सशस्त्र बल और रिजर्व फोर्स के जवान शामिल हैं। सुरक्षा बलों को अलग-अलग सेक्टर में बांटा गया है ताकि हर बिंदु पर निगरानी सुनिश्चित की जा सके। बाहरी परिधि, पार्किंग स्थल और आसपास के क्षेत्रों में भी जवानों की लगातार गश्त रहेगी। डीएसपी और थानेदार करेंगे निगरानी सुरक्षा व्यवस्था की कमान खुद एसएसपी राकेश रंजन संभालेंगे। आधा दर्जन डीएसपी स्तर के अधिकारी मतगणना केंद्र पर प्रतिनियुक्त रहेंगे। इसके अलावा एक दर्जन थानेदारों को भी अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। सभी पुलिस अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहेंगे और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए त्वरित कार्रवाई करेंगे। बिना पास प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित प्रशासन ने स्पष्ट निर्देश जारी किया है कि बिना अधिकृत पास के किसी भी व्यक्ति को मतगणना केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। प्रवेश द्वार पर कड़ी जांच की व्यवस्था की गई है। पहचान पत्र और पास की जांच के बाद ही अंदर जाने दिया जाएगा। संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। प्रत्याशियों को भी दिया गया है पास मतगणना में शामिल होने वाले प्रत्याशियों और उनके अधिकृत एजेंटों के लिए विशेष पास जारी किए गए हैं। बिना पास किसी भी प्रत्याशी को भी अंदर प्रवेश नहीं मिलेगा। प्रशासन ने सभी प्रत्याशियों से नियमों का पालन करने की अपील की है। पास वितरण की प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से पूरी की गई है। सीसीटीवी से होगी हर गतिविधि की निगरानी पूरे मतगणना केंद्र परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। मतगणना हॉल, प्रवेश द्वार, स्ट्रॉन्ग रूम और आसपास के सभी संवेदनशील स्थानों को कैमरों की निगरानी में रखा गया है। कंट्रोल रूम से अधिकारियों द्वारा लाइव मॉनिटरिंग की जाएगी। किसी भी तरह की गड़बड़ी या अव्यवस्था की स्थिति में तुरंत कार्रवाई संभव होगी। चाक-चौबंद तैयारी का दावा जिला प्रशासन ने दावा किया है कि मतगणना को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सुरक्षा, यातायात नियंत्रण और भीड़ प्रबंधन के लिए अलग-अलग टीमों का गठन किया गया है। चिकित्सा दल और अग्निशमन विभाग को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है। अधिकारियों का कहना है कि मतगणना प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई जाएगी। इस तरह कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतगणना प्रक्रिया को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने की पूरी तैयारी कर ली गई है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


