Ranchi News: बेलबोधन के साथ पंडालों में विराजीं मां, भक्तों ने मांगा शुभ फल
Ranchi News: रांची में शारदीय नवरात्र की महाषष्ठी पर माता कात्यायनी की पूजा-अर्चना हुई। बेलबोधन अनुष्ठान के बाद पूजा पंडाल श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। मंदिरों और घरों में आरती, दीपदान और दुर्गा पाठ हुए। चुटिया के प्राचीन राम मंदिर में 351 कन्याओं का नवाह्न परायण यज्ञ हुआ। शनिवार को महासप्तमी पर मां कालरात्रि की पूजा और नवपत्रिका प्रवेश होगा।

Ranchi News: रांची, वरीय संवाददाता। शारदीय नवरात्र की महाषष्ठी तिथि के अवसर पर शुक्रवार को दुर्गा देवी के छठे स्वरूप माता कात्यायनी की पूजा-अर्चना पूरी निष्ठा के साथ हुई। इस दौरान शहर के सभी मंदिरों में माता के जयकारे गूंजते रहे। शहर में बनाए गए पूजा पंडालों में बेलबोधन (बिल्वाभिमंत्रण) का अनुष्ठान किया गया। इस अनुष्ठान के साथ पंडालों को श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। बेलबोधन (माता का आगमन) के साथ ही पूजा पंडालों में माता विराज गईं और हर कोई उनका आशीर्वाद लेने के लिए उनके चरणों में पहुंचा। वहीं, शहर के सभी देवी मंदिरों में भी माता की विधि-विधान से आराधना की गई। मंदिरों में बड़ी संख्या में महिला श्रद्धालुओं ने माता को दीप समर्पित किया। महाआरती के समय पूरा शहर माता के मंत्रों से गूंज उठा। अपने-अपने घरों में भी लोगों ने दीप जलाकर माता की आरती की।
मंदिरों और पंडालों में उमड़ी श्रद्धा
राजधानी के सभी क्षेत्रों के मंदिरों में श्रद्धालुओं की आवाजाही के कारण शहर का वातावरण दुर्गोत्सव के रंग गया है। मंदिरों की ओर जाने वाली सड़कों में निरंतर भक्तों की आवाजाही हो रही है। सुबह और सायंकाल मंदिरों से लेकर घरों तक माता की पूजा और महाआरती के गीतों का स्वर गूंजने से उत्सव सर्वव्यापी हो गया है।
कन्या यज्ञ में शामिल हुए श्रद्धालु
351 कन्याओं का नवाह्न परायण यज्ञ में उमड़े भक्त
देवी मंदिरों के साथ-साथ प्राचीन राम मंदिर, हिनू देवी मंदिर, काली मंदिर रांची, बगलामुखी मंदिर चर्च रोड, हरिमति मंदिर व अन्य माता के मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। राजधानी के चुटिया स्थित प्राचीन राम मंदिर में 351 कन्याओं का नवाह्न परायण यज्ञ में भी श्रद्धालुओं का आना जाना जारी रहा। वहीं, जैप वन के टिकू हॉल में करीब 70 से अधिक व्रती महिलाओं ने सुबह और शाम अपने अपने कलश में स्थित देवी की आराधना की। यहां आरती के बाद भक्तों के बीच प्रसाद वितरित की गयी।
घरों में भी श्रद्धालुओं, उपासकों और साधकों ने वैदिक रीति और विधान के साथ कलश स्थापना कर माता के छठे स्वरूप की पूजा-अर्चना की। साधकों ने दुर्गा पाठ कर माता की महाआरती कर महाषष्ठी की पूजा संपन्न की।
महासप्तमी पर मां कालरात्रि की पूजा
आज मां कालरात्रि की होगी आराधना
नवरात्र के सातवें दिन (शनिवार) महासप्तमी पर देवी के सप्तम स्वरूप कालरात्रि की पूजा होगी। इस दिन विशेष रूप से नवपत्रिका प्रवेश का विधि विधान से अनुष्ठान होगा। इसमें अलग-अलग वृक्षों की 9 तरह की पत्तियों को बांधकर देवी दुर्गा की आराधना की जाएगी। इसे ही नवपत्रिका कहा जाता है। इसमें केले, दारुहल्दी, हल्दी, जयंती, बेलपत्र, अनार, अशोक, धान और अमलतास की पत्तियों को शामिल किया जाता है। इन नौ पत्तियों मां दुर्गा के नौ स्वरूपों का प्रतीक माना जाता है। पूजा के दौरान सबसे पहले इन नौ पत्तियों को बांधकर किसी पवित्र नदी में स्नान कराया जाएगा। इसके बाद घर के मंदिर में एक चौकी बिछाकर उस पर मां दुर्गा की मूर्ति स्थापित कर इसकी प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी।

