Ranchi News: नौ कन्या पूजन के साथ आज खुलेगा श्री रामलला समिति का पंडाल
Ranchi News: रांची में बुधवार से दुर्गा पूजा उत्सव शुरू होगा और जिला स्कूल परिसर का श्री रामलला पूजा समिति पंडाल श्रद्धालुओं के लिए खुलेगा। स्वर्वेद महामंदिर की तर्ज पर बने पंडाल का उद्घाटन राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार नौ कन्याओं के पूजन के बाद करेंगे। पर्यावरण अनुकूल प्रतिमाओं के साथ अलग प्रवेश-निकास, झूले, व्यंजनों के स्टॉल और भजन संध्या की व्यवस्था की गई है।

Ranchi News:
रांची, वरीय संवाददाता। राजधानी में बुधवार से दुर्गा पूजा का उत्सव शुरू होने जा रहा है। शहर की कई प्रमुख पूजा समितियों के साथ-साथ जिला स्कूल परिसर स्थित ‘श्री रामलला पूजा समिति’ के भव्य और अप्रतिम पूजा पंडाल के पट आम श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। इस वर्ष समिति ने वाराणसी के प्रसिद्ध स्वर्वेद महामंदिर की तर्ज पर 150 फीट चौड़ा और 100 फीट ऊंचा विशाल पंडाल तैयार किया है। पंडाल का उद्घाटन राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार द्वारा नौ कन्याओं के पूजन के बाद किया जाएगा। मंगलवार को समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि लगातार तीसरे वर्ष श्रद्धालुओं के लिए अनूठी धार्मिक थीम प्रस्तुत की जा रही है। इससे पूर्व वर्ष 2024 में अयोध्या के श्रीराम मंदिर और 2025 में गुजरात के भुज स्थित स्वामीनारायण मंदिर के प्रारूप पर पंडाल बनाए गए थे।
पर्यावरण अनुकूल प्रतिमाएं और कलाकृति
पर्यावरण अनुकूल और अनूठी कलाकृति
इस वर्ष पंडाल के गर्भगृह में स्थापित मां दुर्गा और अन्य देवी-देवताओं की प्रतिमाओं का साज-शृंगार अत्यंत खास है। पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए मूर्तिकारों ने मिट्टी से ही प्रतिमाओं पर वस्त्र व आभूषण उकेरे हैं। रात में रंग-बिरंगी लाइटों के प्रकाश में यह शृंगार और अधिक आकर्षक नजर आएगा।
सुरक्षा और मनोरंजन के प्रबंध
सुरक्षा और मनोरंजन के विशेष प्रबंध
पंडाल में भीड़ प्रबंधन के लिए महिला व पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग प्रवेश और निकास द्वार बनाए गए हैं। प्रवेश द्वार और निकास द्वार पर लाइटिंग से सुसज्जित तोरणद्वार बनाए गए हैं। मेले में श्रद्धालुओं के लिए छोटे-बड़े झूले और 100 से अधिक प्रकार के व्यंजनों के स्टॉल लगाए गए हैं। बुधवार शाम छह बजे से भजन संध्या का भी आयोजन किया जाएगा।


