इंदौर की तर्ज पर क्लीन और ग्रीन रांची बनाया जाएगा : संजय सेठ
रांची में जिला विकास समन्वय एवं अनुश्रवण समिति की बैठक हुई, जिसमें केंद्र सरकार की 34 जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की गई। अधिकारियों को पारदर्शी और समयबद्ध कार्यान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में रांची को क्लीन और ग्रीन बनाने के लक्ष्य पर भी चर्चा की गई।

रांची, संवाददाता। जिला विकास समन्वय एवं अनुश्रवण समिति (दिशा) की बैठक मंगलवार को कृष्ण लोक संस्थान में हुई, जिसमें केंद्र सरकार की 34 जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि सभी योजनाओं का पारदर्शी और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करें, ताकि आम जनता को अधिकतम लाभ मिल सके। बैठक में मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण व शहरी), राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, पीएम किसान, फसल बीमा, अटल पेंशन योजना, जनधन योजना और सुकन्या समृद्धि समेत विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। इसके अलावा अमृत 2.0, स्वच्छ भारत मिशन, स्मार्ट सिटी मिशन और राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम जैसे शहरी योजनाओं पर भी चर्चा हुई।
बैठक के बाद रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कहा कि रांची को क्लीन रांची, ग्रीन रांची बनाने का लक्ष्य है। सभी दलों और समाज के सहयोग से शहर को इंदौर की तर्ज पर विकसित किया जाएगा। पानी की समस्या, स्मार्ट मीटर से बढ़े बिजली बिल, भू-अर्जन के बिना सड़क निर्माण, ड्रेनेज और ट्रैफिक व्यवस्था जैसे मुद्दों पर गंभीर चर्चा हुई। उन्होंने बताया कि इन समस्याओं के समाधान के लिए नगर निगम में जल्द विशेष बैठक आयोजित की जाएगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


