Ranchi News: नागा बाबा सब्जी बाजार में बायोडिग्रेडेबल पॉलीबैग निर्माण इकाई शुरू
Ranchi News: रांची नगर निगम ने बायोडिग्रेडेबल पॉलीबैग निर्माण की पहल शुरू की है। इस पहल का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण और महिला स्वयं सहायता समूहों को स्वरोजगार से जोड़ना है। मेयर ने बताया कि महिलाओं को इस परियोजना में उत्पादन, संचालन और विपणन की जिम्मेदारी दी गई है। इससे उन्हें रोजगार और कौशल विकास के अवसर मिलेंगे।

Ranchi News: रांची, वरीय संवाददाता। रांची नगर निगम ने प्रतिबंधित पॉलीथिन कैरी बैग के विकल्प के रूप में बायोडिग्रेडेबल पॉलीबैग निर्माण की पहल शुरू की है। शुक्रवार को नागा बाबा सब्जी बाजार में स्थापित बायोडिग्रेडेबल पॉलीबैग निर्माण इकाई का मेयर रोशनी खलखो और डिप्टी मेयर नीरज कुमार ने उद्घाटन किया। नगर निगम के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के साथ महिला स्वयं सहायता समूहों को स्वरोजगार से जोड़ना है। मेयर ने बताया कि इकाई का संचालन एरिया लेवल फेडरेशन (एएलएफ) से जुड़ी महिला सदस्य करेंगी। उत्पादन, संचालन और विपणन की जिम्मेदारी महिलाओं की होगी। इससे उन्हें स्थानीय स्तर पर रोजगार और आय का अवसर मिलने के साथ प्रबंधन, उद्यमिता और मार्केटिंग कौशल विकसित करने में भी मदद मिलेगी। उद्घाटन के मौके पर नगर आयुक्त सुशांत गौरव, अपर नगर आयुक्त संजय कुमार, उप नगर आयुक्त रविंद्र कुमार, सहायक नगर आयुक्त, नगर प्रबंधक समेत अन्य कर्मी मौजूद थे।
उत्पादन लागत और बिक्री
एक किलो पॉलीबैग की उत्पादन लागत 140 रुपए होगी
उत्पादन क्षमता और लाभ
नगर निगम के मुताबिक, पॉलीबैग बनाने में पीवैट और फिलर का इस्तेमाल किया जाएगा। दोनों कच्चे माल का अनुपात 7:3 रखा गया है। मशीन की उत्पादन क्षमता करीब 40 किलोग्राम प्रति घंटे है। एक किलोग्राम पॉलीबैग की उत्पादन लागत करीब 140 रुपये और संभावित बिक्री मूल्य 160 रुपये रखा गया है। इस हिसाब से प्रति किलोग्राम 20 रुपये का संभावित अधिशेष होगा।
सफलता के आधार पर विस्तार
एक घंटे में 6400 बिक्री पर 800 रुपए का लाभ
मशीन की पूरी क्षमता पर एक घंटे में करीब 6400 रुपये की बिक्री और 800 रुपये का संभावित अधिशेष हो सकता है। हालांकि, वास्तविक आय उत्पादन और बिक्री की मात्रा पर निर्भर करेगी। नगर निगम का दावा है कि झारखंड में किसी नगर निकाय द्वारा इस तरह की बायोडिग्रेडेबल पॉलीबैग निर्माण इकाई शुरू करने की यह पहली पहल है। भविष्य में इसकी सफलता के आधार पर शहर के अन्य बाजारों में भी इसका विस्तार किया जा सकता है।

