आज से क्रिसमस की धूम, ‘सीजन ऑफ जॉय’ मेला होगा खास
रांची में क्रिसमस उत्सव 12 से 15 दिसंबर तक वाईएमसीए परिसर में 'सीजन ऑफ जॉय' मेला के साथ शुरू होगा। इसमें लगभग 30 स्टॉल होंगे, जिनमें कपड़े, हैंडीक्राफ्ट और खानपान शामिल हैं। पहले दिन बच्चों के लिए प्रतियोगिताएं होंगी और क्रिसमस यात्रा निकाली जाएगी। रांची में क्रिसमस गैदरिंग 22 दिसंबर तक चलेगी।

रांची, वरीय संवाददाता। रांची का माहौल शुक्रवार से पूरी तरह क्रिसमस के रंग में रंग जाएगा। इसी दिन से क्रिसमस उत्सव का आगाज होगा। यंग मेन्स क्रिश्चियन एसोसिएशन (वाईएमसीए) के सहयोग से कांटाटोली स्थित वाईएमसीए परिसर में 12 से 15 दिसंबर तक सीजन ऑफ जॉय क्रिसमस मेला का आयोजन किया जाएगा। आयोजक शीतल प्रतीक्षा टोप्पो ने बताया कि चार दिवसीय क्रिसमस उत्सव मेले में लगभग 30 स्टॉल लगाए जाएंगे। कार्यक्रम प्रतिदिन सुबह 11 बजे से रात 8 बजे तक चलेगा। मेले में कपड़ों, हैंडीक्राफ्ट, आभूषण और खानपान के स्टॉल विशेष आकर्षण का केंद्र होंगे। पहले दिन कई प्रतियोगिताएं पहले दिन बच्चों के लिए कार्ड मेकिंग प्रतियोगिता, कैरोल सिंगिंग और द ट्राइबल डिसिप्लिन बैंड द्वारा विशेष प्रस्तुति होगी।
13 को झारखंड क्रिश्चियन यूथ एसोसिएशन द्वारा दोपहर 2 बजे से लोयला ग्राउंड से अलबर्ट एक्का चौक तक क्रिसमस उत्सव यात्रा निकाली जाएगी। इसमें हजारों की संख्या में सांता क्लॉज बने युवक-युवतियां नाचते-गाते शामिल होंगे। इस यात्रा में सालेम ग्रुप हिंदी-नागपुरी गीतों की लाइव प्रस्तुति देगा। 14 को रांची के कई स्थानों पर क्रिसमस गैदरिंग का उल्लास देखने को मिलेगा। ऑल चर्च कमेटी चुनवा टोली एवं टमटम टोली में शाम 4 बजे से क्रिसमस गैदरिंग का आयोजन होगा। संत पॉल्स कैथेड्रल चर्च बहुबाजार में रांची पैरिश कमेटी की क्रिसमस गैदरिंग होगी। इसी दिन जीईएल चर्च का क्रिसमस गैदरिंग गोस्सनर स्कूल मैदान में तथा एनडब्ल्यू जीईएल चर्च का गैदरिंग सिनोड कार्यालय में सुबह 11 बजे से आयोजित होगा। इसके अलावा, होली ट्रिनीटी चर्च कडरू पैरिश में सुबह 7:30 बजे से कटनी पर्व सह क्रिसमस गैदरिंग होगी। रांची में क्रिसमस गैदरिंग का सिलसिला 22 दिसंबर तक विभिन्न स्थानों पर जारी रहेगा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



