व्यापारियों को जानबूझ कर परेशान कर रहा निगम: चैंबर

हिन्दुस्तान, रांची
Follow us on Google News
share

झारखंड चैंबर ने बाजार टांड की दुकानों के किराया विवाद को लेकर बैठक की। चैंबर ने कहा कि रांची नगर निगम द्वारा बिना सुनवाई के दंडात्मक कार्रवाई की जा रही है, जिससे व्यापारियों में भय का माहौल है। नगर विकास विभाग ने समाधान का आश्वासन दिया था, लेकिन कार्रवाई जारी है।

व्यापारियों को जानबूझ कर परेशान कर रहा निगम: चैंबर

रांची, संवाददाता। झारखंड चैंबर ने सोमवार को चैंबर भवन में बाजार टांड की दुकानों के किराया विवाद को लेकर बैठक की। इस दौरान चैंबर पदाधिकारियों ने कहा कि रांची नगर निगम की ओर से बिना किसी सुनवाई का अवसर दिए एकतरफा दंडात्मक कार्रवाई की प्रक्रिया अपनाई जा रही है, जिससे व्यापारियों के बीच भय व भ्रम का माहौल है। इसी माह हुई बैठक में नगर विकास विभाग के सचिव ने आश्वासन दिया था कि जब तक इस समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो जाता, तब तक दुकानदारों के खिलाफ किसी भी प्रकार की दंडात्मक कार्रवाई नहीं की जाएगी। साथ ही एक संयुक्त समिति के गठन की बात भी कही गई थी, जिसमें रांची नगर निगम, चैंबर व किरायेदार संघ के प्रतिनिधि शामिल होंगे।

चैंबर ने कहा कि ऐसे में नगर निगम द्वारा समाचार पत्रों के माध्यम से भय का वातावरण बनाया जाना यह प्रतीत कराता है कि जानबूझकर व्यापारियों को परेशान किया जा रहा है। बैठक में यह भी बताया कि कई दुकानदारों के पास न्यायालय का आदेश व वैध दस्तावेज उपलब्ध हैं। इसके बावजूद बिना सुनवाई का अवसर दिए कार्रवाई की जा रही है, जो विधिसम्मत प्रक्रिया के विरुद्ध है। चर्चाओं के क्रम में चैम्बर द्वारा इस संबंध में निगम की महापौर, नगर विकास व आवास विभाग के सचिव व नगर आयुक्त को पत्राचार कर आग्रह किया गया कि जब तक संयुक्त समिति का गठन कर इस विवाद का न्यायोचित समाधान नहीं किया जाता, तब तक बाजार टांड के दुकानदारों के विरुद्ध किसी भी प्रकार की दंडात्मक कार्रवाई पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाई जाए। इस प्रकार की कार्रवाई से व्यापारियों का विश्वास कमजोर होता है तथा अनावश्यक भय का वातावरण उत्पन्न होता है, जिसे तत्काल समाप्त किया जाना आवश्यक है। बैठक में चैंबर अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा, उपाध्यक्ष प्रवीण लोहिया, राम बांगड़, महासचिव रोहित अग्रवाल, सह सचिव नवजोत अलंग, सह सचिव रोहित पोद्दार, कोषाध्यक्ष अनिल अग्रवाल उपस्थित थे।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।