हिन्दुस्तान असर: बरियातू रोड में गेल ने खुले गड्ढों को भरा
रांची में पीएनजी पाइपलाइन बिछाने के बाद गड्ढों को भरने का काम शुरू हो गया है। गेल ने बरियातू के जयप्रकाश नगर में गड्ढों को भरा। इसके अलावा, अन्य क्षेत्रों में भी गड्ढों को भरने की तैयारी चल रही है। बारिश के कारण गड्ढों में पानी भरने से दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया था।

रांची, वरीय संवाददाता। शहर में पीएनजी पाइपलाइन बिछा कर छोड़े गए गड्ढों को भरना शुरू कर दिया गया। गेल ने बरियातू के जयप्रकाश नगर में शनिवार को गड्ढों को भर दिया। शेष इलाके जहां काम पूरा हो गया है, उन गड्ढों को भी भरने की तैयारी है। आपके अपने अखबार हिन्दुस्तान में ‘मानसून से पहले नालों को साफ कराएं’ अभियान के तहत पाइपलाइन बिछाकर गड्ढों को खुला छोड़ देने पर प्रमुखता से खबर प्रकाशित की थी। इसके बाद ही गेल हरकत में आया और कार्यवाही शुरू की। गेल के डीजीएम प्रशांत सिंह ने बताया कि कुछ जगह अपार्टमेंट का टैपिंग प्वाइंट होने के चलते गड्ढे खोदे गए थे।
वहीं, संबंधित अपार्टमेंट में आपूर्ति शुरू होने के बाद सड़क का पुनर्स्थापन कार्य सही तरीके से करने के निर्देश दिए गए हैं।बता दें कि रांची में गेल की ओर से पीएनजी पाइपलाइन बिछाने का कार्य किया जा रहा है। इसके लिए शहर के बरियातू, कांके, चुटिया, हिनू समेत कई इलाकों में गड्ढे खोदे जा रहे हैं। ताकि अधिक से अधिक मुहल्लों में पीएनजी का कनेक्शन उपलब्ध हो सके। लेकिन पाइपलाइन के लिए गड्ढे खोदने के बाद ठेकेदार उन्हें भर नहीं रहे थे। गड्ढा होने के कारण हमेशा दुर्घटना की आशंका बनी हुई थी। रांची में लगातार बारिश होने से इन गड्ढों में पानी भर जाने से भी हादसा होने की आशंका थी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


