Ranchi News: कोर्ट और बार के विस्तार मुद्दे पर चीफ जस्टिस से गुहार
Ranchi News: जमीन मिले तो बदलेगी सिविल कोर्ट की तस्वीर, जिला बार एसोसिएशन ने चीफ जस्टिस से लगाई गुहार

Ranchi News: रांची, संवाददाता। रांची जिला बार एसोसिएशन ने सिविल कोर्ट परिसर से सटी शिक्षा विभाग और वाणिज्यकर विभाग की जमीन को न्यायिक परिसर के विस्तार के लिए हस्तांतरित करने की मांग की है। इस संबंध में हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस को अभ्यावेदन देकर मामले में हस्तक्षेप का आग्रह एडहॉक कमेटी के सदस्य संजय कुमार विद्रोही ने किया है। अभ्यावेदन में कहा गया है कि जमीन हस्तांतरण का मामला लंबे समय से लंबित है, जबकि हाई लेवल इंफ्रास्ट्रक्चर कमेटी वर्ष 2018 में इस संबंध में निर्णय ले चुकी है। बार एसोसिएशन का कहना है कि अदालत में अधिवक्ताओं, पक्षकारों और न्यायिक कर्मचारियों की संख्या लगातार बढ़ रही है।
ऐसे में उपलब्ध जगह कम पड़ रही है। जमीन मिलने पर अधिवक्ताओं के लिए चैंबर और बैठने की व्यवस्था, पुस्तकालय, पक्षकारों के लिए प्रतीक्षालय और महिला अधिवक्ताओं के लिए अलग कॉमन रूम बनाया जा सकता है। इसके अलावा महिला पक्षकारों के लिए फीडिंग व नर्सिंग रूम, वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगों के लिए सुविधाएं, शौचालय, पेयजल और अन्य जरूरी आधारभूत सुविधाएं विकसित करने का प्रस्ताव है। मुख्य सड़क से सिविल कोर्ट तक बेहतर पहुंच मार्ग बनाने की संभावना पर भी विचार करने की मांग की गई है। अभ्यावेदन में वर्ष 2018 के निर्णय के बाद हुई कार्रवाई की जानकारी लेने और जमीन हस्तांतरण की प्रक्रिया जल्द पूरी कराने का आग्रह किया गया है।


