Ranchi News: राखियों के बाजार में शिवलिंग डिजाइन वाली राखियों का क्रेज
Ranchi News: फोटो है- रांची, संवाददाता। रक्षाबंधन का त्योहार नजदीक आते ही राखियों का बाजार सजकर

Ranchi News: फोटो है- रांची, संवाददाता।
रक्षाबंधन का त्योहार नजदीक आते ही राखियों का बाजार सजकर तैयार हो गया है। बाजार में पारंपरिक राखियों से लेकर कस्टमाइज राखियां उपलब्ध हैं। इस बार बहनें अपने भाइयों की कलाई पर शिवलिंग डिजाइन वाली राखियां बांधने की तैयारी कर रही हैं। इन राखियों पर छोटे आकार में शिवलिंग की आकृति बनी हुई है। बाजार में इनकी कीमत 100 से 150 रुपये तक है। वहीं, बच्चों के लिए विभिन्न प्रकार के क्रिएटिव कार्टून कैरेक्टर वाली राखियां भी आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। वर्तमान समय में कस्टमाइज राखियों का चलन भी बढ़ा है। बहनें भाइयों के फोटो और नाम वाली राखियां भी बनवा रही हैं।
शिवलिंग आकार वाली राखियां ट्रेंड में
राखियों में इस बार शिवलिंग आकार वाली राखियां लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। अपर बाजार के राखी विक्रेता नवीन कुमार साहू ने बताया कि सावन का पावन महीना भगवान शिव को समर्पित माना जाता है। इसे ध्यान में रखते हुए इस बार राखियों में शिवलिंग, ओम और शिव लिखी हुई डिजाइन वाली विभिन्न प्रकार की राखियां बाजार में उपलब्ध हैं। इनकी कीमत 100 से 150 रुपये तक है।
स्पिनर और कार्टून कीरिंग वाली राखियां भी पसंद
बच्चों के लिए बाजार में उनके पसंदीदा कार्टून कैरेक्टर वाली राखियां भी मौजूद हैं। कई राखियों में स्पिनर, वॉच और कीरिंग तक लगे हुए हैं। पोकेमॉन, डोरेमॉन और छोटा भीम जैसे बच्चों के पसंदीदा कार्टून कैरेक्टर वाली राखियों की मांग भी अधिक है। इसके अलावा बाजार में बच्चों के लिए गेम्स और कीरिंग वाली राखियों की भी मांग बढ़ी है।
ऑक्सीडाइज्ड सिल्वर लुम्बा बना आकर्षण
भाभियों को बांधा जाने वाला लुम्बा भी इस बार ऑक्सीडाइज्ड मैटेरियल के साथ विभिन्न प्रकार के डिजाइन के साथ बाजार में उपलब्ध है। ऑक्सीडाइज्ड सिल्वर लुम्बा की विभिन्न डिजाइन बाजार में आई हैं। इनमें झुमके वाले डिजाइन के लुम्बे भी शामिल हैं। इसके अलावा बैंगल्स और कौड़ी डिजाइन वाले लुम्बे भी बाजार में उपलब्ध हैं।
राखियों की कीमत
भगवान शिवलिंग राखी 100 रुपये
लुम्बा राखी 35 से 200 रुपये
कीरिंग राखी 50 रुपये
वॉच लाइट राखी 80 रुपये
स्पिनर राखी 70 रुपये
राखी थाली 350 रुपये
लड़कियों वाली राखियां 80 रुपये


