ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News झारखंड रांचीरघुवर दास अपनी बात पर अड़े, कांग्रेस-झामुमो ने बताया भाजपा का संस्कार

रघुवर दास अपनी बात पर अड़े, कांग्रेस-झामुमो ने बताया भाजपा का संस्कार

- अमर्यादित शब्द कहने पर सत्ता और विपक्ष आमने सामने

रघुवर दास अपनी बात पर अड़े, कांग्रेस-झामुमो ने बताया भाजपा का संस्कार
हिन्दुस्तान टीम,रांचीWed, 21 Oct 2020 10:00 PM
ऐप पर पढ़ें

बेरमो विधानसभा उपचुनाव में पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास के द्वारा सरकार के खिलाफ अमर्यादित शब्द का प्रयोग तूल पकड़ता जा रहा है। सत्ता पक्ष के विरोध के बाद रघुवर दास अपने बयान पर अड़े हुए हैं और उसे सही ठहरा रहे हैं। वहीं, कांग्रेस और झामुमो इसे भाजपा का संस्कार बता रहे हैं।

पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि झामुमो नेताओं को एक शब्द पर मिर्ची लग गई, लेकिन इसके लिए वह कैसे दोषी हैं। रघुवर ने कहा कि लोकसभा चुनाव में कांग्रेस-झामुमो समेत समूचा विपक्ष घूम-घूम कर प्रधानमंत्री को सार्वजनिक मंचों से अपशब्द कहता रहा। जब उस समय के शब्द मर्यादित थे, तो उनके द्वारा प्रयोग किया गया शब्द अमर्यादित कैसे हो गया। उन्होंने कहा कि वे अपने कार्यकर्ताओं से कहे थे कि सरकार के भ्रष्टाचार को जनता के सामने ले जाएं। इस पर झामुमो पिनक गया। वह कुछ मामलों की जांच कराने की धमकी दे रहे हैं, लेकिन रघुवर दास इस तरह की धमकी से डरने वाला नहीं है। जो जांच करनी है करा लें, लेकिन पहले यह बताएं कि कोयला-बालू का अवैध उत्खनन हो रहा है या नहीं, पैसे लेकर ट्रांसफर-पोस्टिंग हो रही है या नहीं। इस सरकार के 10 महीने के कार्यकाल में डेढ़ हजार से ज्यादा दुष्कर्म की घटनाएं हुई है या नहीं। यह सब सवाल झामुमो सुप्रीमो शिबू सोरेन की बड़ी बहू और विधायक सीता सोरेन ने उठाया है। जिस दल का शीर्ष नेतृत्व संसद में पैसा लेकर वोट बेचता हो, जिनके घर की बहू चोरी-चकारी, फर्जीवाड़े का खुलेआम आरोप लगाती हों, जिसके राज में अवैध कोयला-बालू लदे ट्रक पकड़े जाने के बावजूद छोड़ दिए जाते हैं, उसे विपक्ष आखिर किस शब्द से विभूषित किया जाए। विपक्ष का काम ही है सरकार को घेरना, उसके कुकृत्यों का पर्दाफाश करना और वह उसे करते रहेंगे। जहां तक जांच का सवाल है वह हर जांच के लिए तैयार हैं। भाजपा सड़क से सदन तक लड़ने के लिए कमर कस चुकी है। जो सच है, वही कहा है और कहते रहेंगे।

कांग्रेस नहीं करती अमर्यादित भाषा का प्रयोग : डॉ रामेश्वर उरांव

पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास के बयान पर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष सह वित्त व खाद्य आपूर्ति मंत्री डॉ रामेश्वर उरांव ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कभी अमर्यादित भाषा का प्रयोग नहीं करती है। कांग्रेस में संस्कार है और इसकी अपनी संस्कृति है। वे जो आरोप लगा रहे हैं उसके सबूत दिखा दें। उनके बयान का तो बेरमो विधानसभा में घर-घर प्रचार हो गया है। एक तो उन्होंने गलती की, ऊपर से उसकी पुष्टि भी कर रहे हैं। उन्होंने जिस अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया उसे वापस लेना चाहिए था। डॉ रामेश्वर उरांव ने कहा कि रघुवर दास की सरकार के समय हर दो-तीन महीने में अधिकारियों के तबादले होते थे। जो उनके समय में हुआ, वही आरोप दूसरे के समय लगा रहे हैं। कई अफसरों को पांच-छह साल तक कोल्ड स्टोरेज में डाल दिया गया था। झामुमो-कांग्रेस की सरकार ऐसे अधिकारियों को कोल्ड स्टोरेज से फील्ड में ला रही है। आदिवासी बहुल इस राज्य में आदिवासी उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक समेत अफसर पहले नजर नहीं आते थे, लेकिन इस सरकार में उन्हें मेन स्ट्रीम में काम करने के लिए लगाया जा रहा है।

भाजपा से अलग है झामुमो का संस्कार : सुप्रियो भट्टाचार्य

झामुमो के केंद्रीय महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि झामुमो का संस्कार भाजपा अलग है। झामुमो अमर्यादित भाषा का प्रयोग नहीं करता है। इस तरह की भाषा भाजपा वालों की ही रहती है। अगर उन्हें ऐसा लगता है तो पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ही बता दें और सबूत दें कि झामुमो की ओर से कब ऐसा कहा गया। पैसे लेकर ट्रांसफर पोस्टिंग के आरोप पर उन्होंने कहा कि यह रघुवर दास की सरकार नहीं है, जहां इस तरह का खेल हो। रघुवर दास स्पष्ट उदाहरण दें अवश्य कार्रवाई होगी। वे खुद एसीबी को इसकी सूचना दें और पैसा लेने और देने वाले दोनों को पकड़वाएं। उन्होंने कहा कि रघुवर दास कई मामलों की जांच के नाम पर घबरा रहे हैं। जब उन्होंने कोई गलती ही नहीं की है तो उन्हें डरने की कोई जरूरत ही नहीं है। फिर बोल क्यों रहे हैं।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें