Ranchi News: राधा-कृष्ण के रूप में सजे नन्हे कलाकारों ने मोहा मन
Ranchi News: रांची में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के उपलक्ष्य में संस्कार भारती द्वारा राधा-कृष्ण रूप-सज्जा प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। नन्हे कलाकारों ने अपनी अदाकारी से सभी का मन मोह लिया। प्रतियोगिता में बच्चों को तीन आयु वर्गों में बांटा गया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार और प्रमाण-पत्र दिए गए।

Ranchi News: रांची, विशेष संवाददाता। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के उपलक्ष्य में संस्कार भारती रांची महानगर की ओर से जवाहरलाल नेहरू कला केंद्र, श्यामली में सोमवार को राधा-कृष्ण रूप-सज्जा प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। राधा और कृष्ण के मनोहारी स्वरूप में सजे नन्हे कलाकारों ने अपनी मासूमियत, भाव-भंगिमाओं और अभिनय-कौशल से उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। कार्यक्रम की शुरुआत करते हुए डॉ सुरिंदर कौर नीलम ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। इसके बाद सुजाता मजूमदार, शशिकला पौराणिक, अवनिन्द्र सिंह व अनूप मजूमदार ने संस्कार भारती का ध्येय गीत प्रस्तुत किया। कलाकारों व सदस्यों की ओर से महाआरती भी प्रस्तुत की गई। प्रतियोगिता में बच्चों को आयु के आधार पर तीन वर्गों में बांटा गया था।
इसमें दो वर्ष, तीन से चार वर्ष व पांच से सात वर्ष तक के बच्चों ने हिस्सा लिया। प्रत्येक प्रतिभागी को प्रस्तुति के लिए अधिकतम दो मिनट का समय दिया गया। बच्चों ने आकर्षक वेशभूषा, मुकुट, मोरपंख, बांसुरी, पारंपरिक आभूषण और भाव-भंगिमाओं के माध्यम से राधा-कृष्ण के स्वरूप को जीवंत कर दिया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार और मोमेंटो प्रदान किए गए, जबकि सभी प्रतिभागी बच्चों को प्रमाण-पत्र देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया। संस्कार भारती व अग्रवाल सभा, के सदस्य विजय खोवाला की ओर से सभी बच्चों को स्कूल बैग और बिस्किट के पैकेट भी विशेष उपहार के रूप में दिए गए।कार्यक्रम में संस्कार भारती रांची महानगर के अध्यक्ष रामानुज पाठक, अवनिन्द्र सिंह, विजय खोवाला, शिव पाठक, रेणुबाला धार, शाश्वती मुखर्जी, अभिलाषा तिवारी, विश्वनाथ प्रसाद व मधुरेश चंद्रा सहित संस्था के सदस्य और बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित थे। वीना चंद्रा व शशिकला पौराणिक ने कार्यक्रम का संचालन किया।

