Ranchi News: नाबालिग से छेड़छाड़ का आरोपी गिरफ्तार, भेजा जेल
Ranchi News: मुरहू थाना की पुलिस ने नाबालिग से छेड़छाड़ के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए 25 वर्षीय अहलाद नायक को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पीड़िता के परिवार ने 26 जुलाई को प्राथमिकी दर्ज कराई थी, जिसके बाद विशेष टीम का गठन कर आरोपी की गिरफ्तारी की गई। मामले की जांच जारी है।

Ranchi News: मुरहू, प्रतिनिधि। मुरहू थाना पुलिस ने नाबालिग से छेड़छाड़ व गलत कार्य के प्रयास के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर सोमवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मुरहू थाना क्षेत्र के गोडाटोली (प्रेम नगर) निवासी 25 वर्षीय अहलाद नायक के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, गांव की एक नाबालिग के साथ गलत कार्य करने के प्रयास की शिकायत पर पीड़िता के परिजनों ने 26 जुलाई को मुरहू थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस)-2023 की संबंधित धाराओं तथा पॉक्सो अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।प्राथमिकी
दर्ज होने के बाद पुलिस अधीक्षक खूंटी के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर छापेमारी कर आरोपी को उसके गांव गोडाटोली (प्रेम नगर) से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। छापेमारी अभियान में एसडीपीओ मंगल सिंह जामुदा, खूंटी थाना प्रभारी अशोक कुमार, मुरहू थाना प्रभारी नवल गोड़विन केरकेट्टा, एसआई संजीव कर्ण देव, एसआई सरिता देवी, मुरहू थाना के सशस्त्र बल एवं अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है।


