
उद्योगों में लागत नियंत्रण के साथ समय प्रबंधन और आत्म-नियंत्रण जरूरी: काबरा
रांची में इंस्टीट्यूट ऑफ कॉस्ट अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया द्वारा प्रोफेशनल डेवलपमेंट कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि त्रिभुवन प्रसाद काबरा ने लागत नियंत्रण और नवाचार की भूमिका पर जोर दिया। उन्होंने समय प्रबंधन और आत्म-नियंत्रण पर ध्यान देने की अपील की। कार्यक्रम में कई सीएमए और छात्र उपस्थित थे।
रांची, संवाददाता। इंस्टीट्यूट ऑफ कॉस्ट अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया, रांची चैप्टर की ओर से प्रोफेशनल डेवलपमेंट सह सम्मान कार्यक्रम का आयोजन गुरुवार को किया गया। सीएमपीडीआई के कोयल हॉल परिसर में आयोजित कार्यक्रम में आरआर ग्लोबल के चेयरमैन त्रिभुवन प्रसाद काबरा मुख्य अतिथि थे। उन्होंने उद्योगों में लागत नियंत्रण की आवश्यकता और नवाचार की भूमिका पर बल दिया। उन्होंने भावी कॉस्ट एंड मैनेजमेंट अकाउंटेंट्स से समय प्रबंधन और आत्म-नियंत्रण पर विशेष ध्यान देने की अपील करते हुए कहा कि समय की बर्बादी को रोकना ही सफलता की कुंजी है। वहीं, सीएमए बिद्याधर प्रसाद ने परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना की।

उन्होंने बताया कि कॉस्ट एंड मैनेजमेंट अकाउंटेंट्स न केवल निर्माण क्षेत्र बल्कि अन्य उद्योगों में भी प्रबंधन लेखांकन, वित्तीय लेखांकन, कराधान, लागत लेखा परीक्षण, जीएसटी लेखा परीक्षण, आंतरिक लेखा परीक्षण और कंपनी कानून अनुपालन में प्रभावी योगदान दे रहे हैं। सीएमए सुदीप दासगुप्ता ने व्यवसाय के वित्तीय पक्ष में इस पेशे के महत्व पर प्रकाश डाला। इसके बाद, वर्कशॉप विषय पर बोलते हुए सीएमए एडी वाधवा ने लागत परीक्षण (कॉस्ट ऑडिट) के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की। सीएमए अरुणजय कुमार सिंह, चेयरपर्सन सीएमए मीरा प्रसाद, रमेश धरनीधर, अंचल किंकर, एमके प्रसाद, श्रीकांत, एके पांडेय, देवदास गोस्वामी, बीएम झा, कैसर अमन सहित कई सदस्य व छात्र उपस्थित थे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




