पंडित संदीप मलिक ने कथक में पेश किया शिव का स्वरूप
रांची में प्रत्याशा नृत्य उत्सव-2024 का आयोजन डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय में हुआ। अंतरराष्ट्रीय कथक नर्तक पंडित संदीप मलिक ने भगवान शिव के विभिन्न रूपों को प्रस्तुत किया। उनकी नृत्य कला ने...

रांची, वरीय संवाददाता। कला संस्था नृत्यशाला की ओर से प्रत्याशा नृत्य उत्सव-2024 का आयोजन डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय के सभागार में शनिवार की शाम को हुआ। रुपहले मंच पर जब कलाकार ने शिव कौन हैं, कैसे हैं, क्या करते हैं, कैसे आशीर्वाद देते हैं, कैसे वियोग सहते हैं और कैसे संहार करते हैं के स्वरूप को नृत्य में पिरोया तो मंच तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। मंच पर शिव के विविध रूपों को कथक नर्तक पंडित बिरजू महाराज के शिष्य पंडित संदीप मलिक जीवंत कर रहे थे। उनकी भाव-भंगिमाओं और नृत्य कौशल ने सभी दर्शकों का दिल जीत लिया। अंतरराष्ट्रीय कथक नर्तक पंडित संदीप मलिक ने सर्वप्रथम नाद वंदना की। इस प्रस्तुति को उन्होंने शिव के प्रिय घुंघरू के माध्यम से साकार किया। भगवान शिव से संबंधित जितने भी तत्व हैं, उन सभी को नाद वंदना में शामिल कर उन्होंने दर्शकों को अभिभूत कर दिया। उन्होंने ठाट, आमद, टुकड़ा, टोडा, तेहाई, पारण आदि के बारे में भी गहराई से समझाया। उनके साथ तबले पर अनिरूद्ध मुखर्जी, सरोद पर सुनंदो मुखर्जी और हारमोनियम पर शुभाशीष भट्टाचार्य ने संगत की। नृत्यशाला की संस्थापिका कथक नृत्यांगना मोनिका डे की प्रस्तुति भी शानदार रही। उन्होंने पंडित बिरजू महाराज के केदार तराना, सावन की धुन और अन्य मधुर धुनों पर मनमोहक प्रस्तुति देकर श्रोताओं का दिल जीत लिया। बाद में नृत्यशाला की प्रशिक्षुओं ने प्रस्तुतियां दी। इसमें 11 साल से लेकर 63 साल तक के कलाकार शामिल थे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।