कथा सुनने से जीवन में आता है बदलाव : गिरी
फोटो 01 - नगड़ी में श्रीमद देवी भगवद्गीता ज्ञान यज्ञ में प्रवचन करते स्वामी

पिस्कानगड़ी, प्रतिनिधि। कथा श्रवण से व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आता है और उसे सही मार्ग की प्रेरणा मिलती है। यह बातें प्रवचनकर्ता स्वामी आशुतोषानंद गिरी ने कही। नगड़ी के राधा-कृष्ण मंदिर परिसर में आयोजित सात दिनी श्रीमद् देवी भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का समापन रविवार को भक्ति और श्रद्धा के वातावरण में हुआ। अंतिम दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और पूरे परिसर में धार्मिक माहौल बना रहा। समापन अवसर पर भंडारा, महाआरती, कन्या पूजन सहित कई धार्मिक अनुष्ठान विधि-विधान से संपन्न कराए गए। बनारस से पधारे स्वामी आशुतोषानंद गिरी ने यज्ञ की पूर्णाहुति कराते हुए सात दिनों तक श्रीमद्भागवत गीता, महाभारत और रामायण की सारगर्भित व्याख्या की।
उन्होंने अपने प्रवचन में कहा कि धार्मिक कथाएं केवल श्रवण के लिए नहीं, बल्कि जीवन में उतारने के लिए होती हैं। इनके माध्यम से व्यक्ति को धर्म, कर्म और आचरण का सही मार्ग मिलता है। कार्यक्रम के दौरान नगड़ी सहित आसपास के कई प्रखंडों से हजारों की संख्या में श्रद्धालु कथा श्रवण के लिए पहुंचे। अंतिम दिन आयोजन समिति द्वारा श्रीराम नवमी के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले श्रीराम युवा समिति, केंद्रीय रामनवमी पूजा समिति नगड़ी और रामचरित मानस पाठ समिति के पदाधिकारियों सहित अन्य सहयोगियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में आयोजन समिति के अध्यक्ष तपेश्वर केशरी, शशिभूषण भगत, हेमंत केशरी, चुडामणी महतो, अजय महतो, संदीप राज, मनोज महतो, राहुल चौधरी, कमलेश केशरी, रवि केशरी, अमर महतो, शीला देवी, गायत्री देवी, अंजनी देवी, दौलत राम केशरी सहित अन्य सदस्यों की सराहनीय भूमिका रही।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


