ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News झारखंड रांचीराज्यसभा की दो सीटों के लिए मतदान आज

राज्यसभा की दो सीटों के लिए मतदान आज

राज्यसभा में झारखंड की दो सीटों के लिए शुक्रवार को मतदान होगा। दो सीटों के लिए तीन उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। भाजपा ने समीर उरांव और प्रदीप संथालिया को मैदान में उतारा है। वहीं यूपीए की ओर से...

राज्यसभा की दो सीटों के लिए मतदान आज
हिन्दुस्तान टीम,रांचीFri, 23 Mar 2018 01:52 AM
ऐप पर पढ़ें

राज्यसभा में झारखंड की दो सीटों के लिए शुक्रवार को मतदान होगा। दो सीटों के लिए तीन उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। भाजपा ने समीर उरांव और प्रदीप संथालिया को मैदान में उतारा है। वहीं यूपीए की ओर से कांग्रेस के धीरज प्रसाद साहु चुनाव लड़ रहे हैं। दोनों सीटें फिलहाल यूपीए के कब्जे में हैं। एक सीट झामुमो और दूसरी कांग्रेस की थी।

राज्यसभा चुनाव के लिए बनाए गए रिटर्निंग ऑफिसर विधानसभा के प्रभारी सचिव विनय कुमार सिंह के मुताबिक मतदान की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मतदान सुबह नौ बजे से शाम चार बजे तक होगा। शाम पांच बजे के बाद मतों की गिनती शुरू होगी। राज्य के 80 विधायक मतदान में भाग लेंगे। चुनाव को लेकर गुरुवार देर शाम सत्ता पक्ष और विपक्ष के विधायकों की बैठकें हुईं। चुनावी रणनीति को अंतिम रूप दिया गया।

क्या है गणित: तीन उम्मीदवारों के मैदान में उतरने के कारण एक उम्मीदवार को वैध मतों की एक तिहाई जीत के लिए जरूरी मतों की संख्या होगी। यानी 27 वोट लाकर एक उम्मीदवार पहली वरीयता में चुनाव जीतेगा। इस गणित को देखें तो भाजपा के लिए एक सीट और विपक्ष के लिए एक सीट पर जीत सहज दिखाई देती है। लेकिन क्रास वोटिंग या दलीय-निर्दलीय विधायकों के पाला बदल से परिणाम में उलट-फेर हो सकता है।

चुनावी अंकगणित

झारखंड विधानसभा में अभी 80 विधायक हैं। झामुमो के एक विधायक योगेंद्र प्रसाद की सदस्यता समाप्त हो चुकी है। भाजपा के 43 विधायक हैं। साथी दल आजसू के चार विधायक भी साथ हैं। इसके अलावा, भाजपा को जय भारत समानता पार्टी का समर्थन मिलेगा। दल के प्रमुख मधु कोड़ा ने इसका ऐलान कर दिया है। भानु प्रताप शाही व एनोस एक्का भी भाजपा का समर्थन कर सकते हैं। विपक्ष के धीरज प्रसाद साहु के पक्ष में झामुमो के 18, कांग्रेस के सात, झाविमो के दो के अलावा मासस के एक, भाकपा माले के एक और बसपा के एक विधायक का साथ मिल सकता है। पहली बार भाकपा माले रास चुनाव में भाग लेगी।

चुनाव में भाजपा के दो उम्मीदवार उतारने के निहितार्थ

भाजपा के पास एक सीट जीतने के लिए पयार्प्त वोट हैं। अपने और आजसू विधायकों को मिलाकर उसके पास 47 वोट हैं। एक सीट पर जीत के लिए प्रथम वरीयता में 27 वोट चाहिए। इस तरह 20 वोट अतिरिक्त हैं। जय भारत समानता पार्टी, नौजवान संघर्ष मोर्चा और झारखंड पार्टी के तीन वोट जोड़ दें तो 23 हो जाते हैं। भाजपा इस आस में है कि विपक्षी खेमा में सेंधमारी हुई तो चार और वोट जुड़ सकते हैं। इसलिए भाजपा ने पहली सीट पर जनजातीय उम्मीदवार समीर उरांव और दूसरी पर कारोबारी प्रदीप संथालिया को उतारा है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें