मनबढू अधिकारियों का रवैया तानाशाह जैसा : मरांडी
अधिकारी जनप्रतिनिधियों को भी समझ रहे फरियादी, मुख्यमंत्री से संज्ञान लेते हुए कार्रवाई की मांग की

रांची, हिन्दुस्तान ब्यूरो। भाजपा विधायक मंजू कुमार और पथ निर्माण विभाग के सचिव की मुलाकात के दौरान की एक तस्वीर पर सियायत गरमा गई है। नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने सचिव सुनील कुमार के द्वारा अहंकारपूर्ण रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए ऐतराज जताया है। उन्होंने कहा कि झारखंड में कुछ मनबढू अधिकारियों का रवैया तानाशाह जैसा है। मरांडी ने कहा कि जो तस्वीर सामने आई है, वह सिर्फ एक तस्वीर नहीं… यह सत्ता पोषित घमंड और व्यवस्था की सड़ांध का जीता-जागता प्रमाण है। उन्होंने कहा कि जनता के चुने हुए विधायक से फरियादी जैसा सलूक किया गया है। मरांडी ने कहा कि एक तरफ देश के प्रधानमंत्री तक आम नागरिक को अपने पास बैठाकर सम्मान देते हैं, तो ये राज्य के अधिकारी किस घमंड में चूर हैं, जो अधिकारी विधायक की गरिमा नहीं समझते, वो आम जनता को क्या समझेंगे।मरांडी
ने कहा कि पथ निर्माण विभाग पहले ही भ्रष्टाचार के दागों से सना हुआ है…, लेकिन अब अहंकार इतना कि शिष्टाचार भी भूल गए। यह सिर्फ एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि पूरे लोकतंत्र का अपमान है। मरांडी ने मुख्यमंत्री से संज्ञान लेते हुए कार्रवाई की मांग की। मरांडी ने कहा है कि मुख्यमंत्री उन्हें समझाइए कि वे जनता के सेवक हैं, शासक नहीं! अगर अब भी कार्रवाई नहीं हुई, तो यह साफ संदेश जाएगा कि झारखंड में ऐसे विवादास्पद तमाम अधिकारी ही असली सत्ता हैं और मुख्यमंत्री सहित दूसरे जनप्रतिनिधि सिर्फ नाम के हैं।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


