
मुरहू में अपहृत युवक बरामद, फिरौती मांगनेवाले दो आरोपी गिरफ्तार
मुरहू थाना क्षेत्र में सामुएल सोय के अपहरण का पुलिस ने खुलासा किया है। दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। अपहरणकर्ताओं ने सामुएल के परिवार से सात लाख रुपये की फिरौती मांगी थी। पुलिस ने मोबाइल लोकेशन के आधार पर आरोपियों को पकड़ा और सामुएल को सुरक्षित बरामद किया।
मुरहू, प्रतिनिधि। मुरहू थाना क्षेत्र में सामुएल सोय अपहरण कांड का पुलिस ने गुरुवार को खुलासा कर लिया। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों, लापुंग, गरई निवासी अजय होरो और कर्रा जुरदाग निवासी मंगल तिड़ू को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपियों के पास से दो मोबाइल, एक चाकू और घटना में इस्तेमाल की गई एक बाइक जब्त की है। थाना प्रभारी नॉवल गॉडविन केरकेट्टा ने बताया कि 29 नवंबर को मुरहू के तोनेर गांव निवासी सामुएल सोय मुरूम से खूंटी जाने की बात कहकर निकला था फिर घर नहीं लौटा। 30 नवंबर को सामुएल के मोबाइल नंबर से उसके परिजनों को फोन आया था।
फोन करनेवालों ने खुद को अपहर्ता बताते हुए धमकाया कि सामुएल का अपहरण कर लिया गया है और उसकी सुरक्षित रिहाई के बदले सात लाख रुपये की फिरौती मांगी। वहीं फिरौती की राशि नहीं देने पर हत्या करने की धमकी दी। इसके बाद परिजनों ने मुरहू थाना पहुंचकर पुलिस को घटना की जानकारी दी। इसके बाद एसपी मनीष टोप्पो ने तत्काल थाना प्रभारी नॉवल गॉडविन केरकेट्टा के नेतृत्व में टीम गठित कर मोबाइल लोकेशन के आधार पर जलटंडा–जुरदाग पथ के आसपास घेराबंदी कर दोनों अपहर्ताओं को पकड़ लिया। पूछताछ में दोनों ने अपहरण की बात कबूल की और उनकी निशानदेही पर मुरहू के जुरदाग स्थित एक मकान से सामुएल सोय को सुरक्षित बरामद कर लिया। सामुएल को बंधक बनाकर रखा गया था, परंतु पुलिस कार्रवाई के कारण अपहर्ता उसे कोई नुकसान नहीं पहुंचा पाए।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




