तोरपा के कुल्डा जंगल से अज्ञात महिला का अधजला शव बरामद
तोरपा के कुल्डा जंगल में पुलिस ने मंगलवार को एक अज्ञात महिला का अधजला शव बरामद किया है। शव पर जलाने के निशान हैं और महिला की उम्र लगभग 30-35 वर्ष है। घटना की जांच की जा रही है और शव को पोस्टमार्टम के...

तोरपा, प्रतिनिधि। तोरपा प्रखंड मुख्यालय से महज तीन किलोमीटर की दूरी पर स्थित कुल्डा जंगल से मंगलवार दोपहर को पुलिस ने एक अज्ञात महिला का अधजला शव बरामद किया है। घने जंगल के बीच निर्मम तरीके से घटना को अंजाम दिया गया है। मंगलवार सुबह को दातुन पता तोड़ने गए ग्रामीणों की नजर अधजला शव पर पड़ा। उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस इंस्पेक्टर अशोक कुमार सिंह, थाना प्रभारी मुकेश हेंम्ब्रम, पुलिस अपर निरीक्षक अमरेंद्र मंडल घटनास्थल पर पहुंचें और मामले की जांच की। घटनास्थल पर जलाने के निशान हैं। प्रतीत होता है जंगल से सूखे पते जमा कर महिला को जलाया गया है। महिला के शरीर पर हरे रंग का ब्लाउज और आसमानी रंग का पेटीकोट के जले हुए अंश पाए गए। पुलिस के अनुसार महिला की उम्र लगभग 30-35 वर्ष है। घटना एक दो दिन पहले की है। पुलिस ने शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल खूंटी भेज दिया। पुलिस इंस्पेक्टर अशोक कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। शव की शिनाख्त के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।