Ranchi News: दुर्गा पूजा को लेकर पंडालों में सीसीटीवी लगाने पर जोर
Ranchi News: सिल्ली में दुर्गा पूजा के सफल आयोजन के लिए एक संयुक्त शांति समिति की बैठक हुई। इस बैठक में सुरक्षा, सफाई और श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर चर्चा की गई। पूजा पंडालों में सीसीटीवी लगाने और उत्कृष्ट समितियों को सम्मानित किए जाने का निर्णय लिया गया।

Ranchi News: सिल्ली, प्रतिनिधि। दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर सिल्ली थाना एवं मुरी ओपी की संयुक्त शांति समिति की बैठक शनिवार को सिल्ली थाना परिसर में हुई। अध्यक्षता सिल्ली थाना प्रभारी नवीन कुमार ने की। बैठक में मुरी ओपी प्रभारी विकास पासवान, राजा पुष्पेंद्र नाथ सिंह देव व पुजा समिति के पदाधिकारी शामिल हुए। बैठक में पूजा के दौरान शांति व्यवस्था, सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर चर्चा की गई。
बैठक में लिए गए निर्णय
बैठक में सभी पूजा पंडालों में सीसीटीवी कैमरे लगाने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही पूजा समितियों से पंडाल परिसर में साफ-सफाई, सुरक्षा और बेहतर व्यवस्था बनाए रखने की अपील की गई। बैठक में थाना परिवार की ओर से घोषणा की गई कि दुर्गा पूजा के दौरान सर्वश्रेष्ठ पंडाल, स्वच्छता और बेहतर व्यवस्था के लिए उत्कृष्ट पूजा समितियों को सम्मानित किया जाएगा। इससे पूजा समितियों में बेहतर व्यवस्था के लिए प्रतिस्पर्धा की भावना बढ़ाने पर जोर दिया गया। बैठक का संचालन मोहम्मद फारूख ने किया, जबकि थाना प्रभारी नवीन कुमार ने धन्यवाद ज्ञापन किया। इस मौके एस आई रामदेव यादव,उदय कुमार सिंह, युधिष्ठिर महतो, मुन्ना सिंह, रघुनंदन मंडल, शांति समिति के नगेन्द्र नाथ गोस्वामी, भागवत सोनार, कमल किशोर कुशवाहा, गोपाल केडिया, नकुल महतो, कार्तिक चंद्र महतो, देवाशीष दत्ता, बाला राव समेत शांति समिति के सदस्य एवं गणमान्य लोग मौजूद थे।


